– रैली के लिए तलाशा जा रहा स्थल
– जिला स्टेडियम अथवा जिला जेल के सामने की खाली जगह पर रैली की है संभावना
– हेलीपैड के जमीन की तलाश भी है जारी
– किराए की जमीन पर भी हेलीपैड बनाने का खुला है विकल्प
महाराजगंज, (हि.स.)। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर निर्वाचन आयोग से मिले गाइड लाइन के मुताबिक जनसभा करवाने के लिए लगभग सभी पार्टियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी इसकी तैयारी शुरू की है। संभावना है कि जल्दी ही यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा हो। पीएम मोदी की जनसभा में सभी विधानसभाओं से भीड़ जुटाने की योजना है। इसके लिए न सिर्फ जनसभा स्थल का चयन शुरू है बल्कि उनकी सुविधा के लिए हेलीपैड ली जमीन भी तलाशी जा रही है।
जिलाध्यक्ष परदेशी रविदास की मानें तो महराजगंज के पांचों विधानसभाओं की एक संयुक्त चुनावी रैली की तैयारी चल रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा के लिए पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने आश्वासन दिया है। पांच विधानसभाओं की संयुक्त रैली के लिए स्थल चयन का निर्देश भी है। इस दिशा में कुछ कार्य हो भी गया है।
कहा कि केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री और सांसद पंकज चौधरी से मिलकर रैली स्थल के चयन संबंधी विचार विमर्श हो चुका है। अभी रैली स्थल के लिए जिला स्टेडियम अथवा जिला जेल के सामने की जगह पर सहमति बनी है। संभव है कि इन दोनों स्थलों में से किसी एक स्थल पर ही रैली हो। दूसरी ओर प्रधानमंत्री के हेलीकॉप्टर के उतरने के लिए हेलीपैड बनाने की जगह भी देखी जा रही है। इन संभावित सभास्थलों के नजदीकी स्थान का चयन होना संभव है। विकल्प के रूप में किराए की जमीन भी तलाशी जा रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम की तिथि संबंधी सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि अभी तिथि निर्धारित नहीं है। जब सभास्थल के संबंध में अंतिम निर्णय हो जाएगा, तब तिथि निर्धारित हो जाएगी।
आमोद
