Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेश महराजगंज जेल में बंद सपा विधायक इरफान सोलंकी व उनके भाई समेत...

 महराजगंज जेल में बंद सपा विधायक इरफान सोलंकी व उनके भाई समेत पांच पर लगा गैंगस्टर

– विधायक को छोड़कर सभी आरोपित कानपुर जेल में हैं बंद

कानपुर (हि.स.)। सीसामऊ सीट से सपा विधायक इरफान सोलंकी की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही हैं। पहले उन्हें जिले से करीब चार सौ किलोमीटर दूर महाराजगंज जेल में शिफ्ट किया गया फिर लगातार मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को तीन और मुकदमे दर्ज हुए, जिनमें एक गैंगस्टर का भी मुकदमा है। गैंगस्टर के मुकदमे में सपा विधायक के अलावा उसके भाई रिजवान सोलंकी समेत पांच लोगों को शामिल किया गया है।

जाजमऊ निवासी विधवा बेबी नाज के प्लाट पर आगजनी, धमकाने सहित गंभीर धाराओं में दर्ज मुकदमे के साथ फर्जी आधार कार्ड के जरिये फरारी के दौरान हवाई यात्रा करने के मामले में जेल में बंद सपा विधायक इरफान सोलंकी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पुलिस के पास पड़ी तमाम शिकायतों की बराबर जांच हो रही है और विधायक के खिलाफ मुकदमे बढ़ते ही जा रहे हैं।

सोमवार को एक बार फिर विधायक के खिलाफ तीन मुकदमे दर्ज किये गये। इनमें एक गैंगस्टर का मुकदमा है जो जाजमऊ थाना में दर्ज किया गया। गैंगस्टर के मुकदमे में सपा विधायक को लीडर माना गया है। आरोप है कि गैंग बनाकर विधायक जमीनों पर कब्जा करता है। इसमें विधायक के भाई रिजवान सोलंकी के साथ इसराइल आटे वाला, शौकत पहलवान और मोहम्मद शरीफ को शामिल किया गया। दूसरा मुकदमा भी थाना जाजमऊ में आईपीसी की धारा 386 और 427 जमीन कब्जाने को लेकर किया गया है। तीसरा मुकदमा थाना ग्वालटोली में पुलिस कर्मियों के साथ अभद्रता सरकारी कार्य में बाधा डालने पर दर्ज हुआ है।

संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि विधायक इरफान सोलंकी के खिलाफ तीन और मुकदमे दर्ज किये गए हैं। इनमें एक गैंगस्टर का मुकदमा है, जिसमें अभी विधायक सहित पांच लोगों को शामिल किया गया है। अभी विवेचना प्रचलित है जितने भी अन्य सहयोगी जांच के दौरान दोषी पाए जाएंगे उन पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बताया कि जिन पर गैंगस्टर के तहत कार्यवाही की गई है उनमें विधायक इरफान सोलंकी महाराजगंज जेल में बंद हैं और बाकी कानपुर जेल में बंद हैं। यह सभी लोग गैंग बनाकर दूसरों की जमीनों पर जबरन कब्जा करके अपराध करते हैं जिसकी अगुवाई विधायक इरफान सोलंकी कर रहे हैं।

अजय सिंह

RELATED ARTICLES

Most Popular