Saturday, April 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमहंगाई और बेरोजगारी से ध्यान भटका रही भाजपा : सुरजेवाला

महंगाई और बेरोजगारी से ध्यान भटका रही भाजपा : सुरजेवाला

लखनऊ (हि.स.)। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने महंगाई एवं बेरोजगारी के मुद्दे पर भाजपा सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने सोमवार को कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय पर प्रेसवार्ता में कहा कि भाजपा महंगाई और बेरोजगारी से जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। भाजपा चुनाव में श्मशान, कब्रिस्तान एवं तमंचावादी जैसी विभाजनकारी बातें कर रही है, लेकिन महंगाई एवं बेरोजगारी पर चर्चा से बच रही है।

सुरजेवाला ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार में एक तरफ महंगाई मुंह बाए खड़ी है तो दूसरी ओर महंगाई चंद धन्नासेठों के लिए वरदान साबित हो रही हैै। जनता लुट रही है और आय घट रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि चंद पूंजीपतियों की जमाखोरी पर सत्ताधारी भाजपा सरकार मौन है। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में थोक महंगाई 12 साल के उच्चतम स्तर पर है। जनता महंगाई से त्रस्त है। गैस सिलेंडर का दाम 400 से बढ़कर एक हजार के करीब हो गया है। रसोई गैस की बढ़ी कीमतों की वजह से गरीब महिलाएं लकड़ी, कोयला एवं उपलों पर खाना बनाने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने रेल भाड़ा भी 205 प्रतिशत बढ़ाया है। कांग्रेस सरकार में प्रति यात्री रेल भाड़ा 32 पैसे प्रति किलोमीटर था। भाजपा सरकार ने प्रति यात्री 1.10 पैसे प्रति किलोमीटर कर दिया है। कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा सरकार में कपड़े, जूते-चप्पल, सीमेंट, स्टील एवं उपभोक्ता वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है।

बृजनन्दन

RELATED ARTICLES

Most Popular