वाराणसी (हि.स.)। श्री काशी विश्वनाथ धाम लोकार्पण समारोह को यादगार और भव्य बनाने के लिए वाराणसी जिला प्रशासन ने रात-दिन एक कर दिया है। मैदागिन बुलानाला से बाबा विश्वनथ दरबार जाने वाले मार्ग के दोनों तरफ के भवनों को गेरुआ रंग से रंगा जा रहा है। जिससे बाबा धाम में जाने वाले भक्तों को अलग एहसास हो। भवनों के रंगाई पुताई के दौरान बुलानाला के पास स्थित मस्जिद को भी सफेद से गेरूआ रंग में रंग दिया गया। यह देख मस्जिद से जुड़े लोगों ने विरोध जताया।
मामला सोशल मीडिया में सुर्खियों में आते ही विवाद रोकने के लिए मस्जिद को मंगलवार से पुन: सफेद रंग से रंगवाया जा रहा है। मस्जिद प्रबंधन से जुड़े पदाधिकारियों का आरोप है कि उनसे बिना पूछे ही वाराणसी विकास प्राधिकरण ने मस्जिद को रंगवा दिया। इससे माहौल बिगड़ सकता है। इस सम्बंध में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के कार्यपालक अधिकारी का कहना है कि फिलहाल हमारे पास कोई लिखित आपत्ति नहीं आई है। गेरुआ रंग से मस्जिद को नहीं रंगा गया है। मैदागिन से गोदौलिया तक नॉर्मल कलर सभी भवनों पर किया गया है। किसी धार्मिक भावना से प्रभावित होकर यह नहीं किया गया, बल्कि एकरूपता के लिए सड़क किनारे की सभी भवनों की एक कलर से पुताई हो रही है। मस्जिद को पुन: पुराने रंग से पेंट कराया जा रहा है।
बताते चले 13 दिसम्बर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी श्रीकाशी विश्वनाथ धाम का लोकार्पण करेंगे। धाम के लोकार्पण के मद्देनजर इन दिनों मंदिर और आसपास तैयारियां चल रही है। काशी विश्वनाथ धाम जाने वाले मार्ग को भी सजाया और संवारा जा रहा है। इसके तहत मैदागिन से चौक तक सड़क के दोनों किनारे स्थित भवनों को एक रंग में रंगा जा रहा है।
श्रीधर
