-सीएसए में 18 सितम्बर से शुरू होगा छह दिवसीय मशरूम प्रशिक्षण
कानपुर (हि.स.)। मशरूम की खेती यदि तकनीकी जानकारी के साथ की जाए तो किसानों को अधिक लाभ होगा। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर के मशरूम शोध एवं विकास केन्द्र 18 सितम्बर से छह दिवसीय मशरूम प्रशिक्षण शुरू करेगा। यह जानकारी शुक्रवार को मशरूम शोध केंद्र के नोडल अधिकारी डॉ.एस.के विश्वास ने दी।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आनंद कुमार सिंह की देखरेख में छह दिवसीय मशरूम प्रशिक्षण 18 से 23 सितम्बर तक आयोजित किया जाएगा। इस प्रशिक्षण को किसान, छात्र एवं शहरी लोग कर सकते हैं। प्रशिक्षण लेकर लोग एस्टर, बटन, या मिल्की मशरूम की खेती शुरू कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि 06 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में विस्तार से प्रशिक्षणार्थियों को तकनीकी सलाह उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही प्रशिक्षण के दौरान मशरूम उगाने के विभिन्न प्रकार के प्रयोग (प्रैक्टिकल) भी कराए जाएंगे।
डॉ. विश्वास ने बताया कि प्रशिक्षण में प्राप्त करने के लिए एक हजार रुपये शुल्क जमा करके पंजीकरण करा सकते हैं। इसके साथ ही पंजीकरण के समय आवेदक को अपनी आईडी (आधार की कॉपी) एवं एक स्वयं की पासपोर्ट साइज फोटो देनी होगी। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में यदि कोई किसान बाहर से आता है। तो उसे रुकने की व्यवस्था होगी। लेकिन उसके लिए प्रशिक्षणार्थी को अलग से शुल्क देना होगा।
विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. खलील खान ने बताया कि सफलतापूर्वक प्रशिक्षण उपरांत सभी प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे। मशरूम पर प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले कोई भी युवक-युवतियां अधिक जानकारी के लिए 9452522504, 9335764410, 9794361496 एवं 9369060041 फोन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
राम बहादुर/सियाराम
