Saturday, March 7, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमल्हनी और घाटमपुर विधानसभा उप चुनाव को लेकर सपा ने कसी कमर,...

मल्हनी और घाटमपुर विधानसभा उप चुनाव को लेकर सपा ने कसी कमर, प्रदेश अध्यक्ष ने किया संवाद

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने शनिवार को जौनपुर और कानपुर ग्रामीण के समाजवादी पार्टी जिलाध्यक्ष, विधानसभाध्यक्षों, सभी कमेटियों के नेताओं और सेक्टर प्रभारियों से वर्चुअल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बात की। उन्होंने नेताओं से क्षेत्रों की राजनीतिक गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने दोनों जिलों के नेताओं और पदाधिकारियों को जौनपुर में मल्हनी और कानपुर ग्रामीण के घाटमपुर विधानसभा उप चुनाव की तैयारियों में जुटने का निर्देश दिया।
प्रदेश अध्यक्ष ने दोनों जिलों के संगठन के नेताओं को उप चुनाव वाले क्षेत्रों के सभी बूथों के प्रभारियों से लगातार सम्पर्क और संवाद बनाएं रखने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा के कुशासन से ऊब गयी है। प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त है। लोगों का जीवन सुरक्षित नहीं है। भाजपा सरकार ने किसानों, नवजवानों, व्यापारियों सभी वर्गों को धोखा दिया। 
उन्होंने कहा कि प्रदेश में हर तरफ भ्रष्टाचार का बोलबाला है। इस सरकार में कोरोना जैसी महामारी से लड़ने के लिए आवंटित धन में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार व घोटाला कर दिया। लोगों को इलाज नहीं मिल पा रहा है। जनता परेशान है। पार्टी नेता और कार्यकर्ता जनता के बीच भाजपा सरकार की नाकामियों को उजागर करें। वर्चुअल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान दोनों जिलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपने कार्यों से प्रदेश अध्यक्ष को अवगत कराया।कानपुर की घाटमपुर विधानसभा सीट भाजपा की विधायक रहीं प्राविधिक शिक्षा मंत्री कमल रानी वरुण के कोरोना संक्रमण के बाद निधन के चलते खाली हुई है। कमल रानी ने 2017 के चुनाव में बसपा की सरोज कुरील को हराया था। वहीं जौनपुर की मल्हनी विधानसभा सीट सपा के विधायक रहे परसनाथ यादव के निधन से खाली हुई है। 2017 में भाजपा की लहर के बावजूद परसनाथ ने निषाद पार्टी के बाहुबली नेता धनंजय सिंह को मात दी थी।

RELATED ARTICLES

Most Popular