गोरखपुर(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के माफियाओं की सूची में शामिल राकेश यादव की दुश्वरियां बढ़ती ही जा रहीं हैं। अब गोरखपुर की गुलरिहा पुलिस ने इसके खिलाफ धोखाधड़ी और रंगदारी मांगने का मामला दर्ज किया है। एक महिला ने राकेश यादव और इसके साथियों पर धोखाधड़ी कर उसका जमीन बैनामा कराने और जमीन का पैसा मांगने पर उनके द्वारा रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। सीओ चौरीचौरा की जांच के बाद मामला दर्ज हुआ है।
थाना क्षेत्र के बरगदही की रहने वाली माया देवी ने एसएसपी को पत्र लिखकर बताया कि उसके पति मानसिक रूप से बीमार हैं। पति के इलाज के लिए गांव के रहने वाले बिजली व नज्जू के सामने रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के लहसडी निवासी सुधीर कुमार के नाम से जमीन देने की बात हुई थी। इसी बीच भू माफियाओं की नजर उसकी 35 ढिस्मिल जमीन पर आ टिकी। इन्होंने 10 जुलाई 2014 को उसके बीमार पति को इलाज कराने पर ले गये और इसी दौरान दो ढिस्मिल जमीन की जगह 35 ढिस्मिल जमीन के बैनामा के बावत किसी दूसरे व्यक्ति का अंगूठा लगवा लिया।
इतना ही नहीं, इस जमीन के बदले कुछ पैसा नहीं दिया। अब जमीन के बदले पैसा मांगने पर राकेश और उसके साथी 40 हजार रुपया रंगदारी मांग रहे हैं। अब एसएसपी के आदेश पर गुलरिहा पुलिस ने मामला दर्ज किया है। उल्लेखनीय है कि राकेश यादव यूपी के टॉप 61 माफियाओं की सूची में है और वर्तमान में जेल में बंद है। राकेश पर 53 मुक़दमें दर्ज हैं। अभी कुछ दिनों पहले ही पुलिस ने इसके मकान पर बुल्डोजर चलाने की कार्रवाई की थी।
डॉ. आमोदकांत/दिलीप
