सैफ अली खान, अर्जुन कपूर, जैकलीन फर्नांडीज और यामी गौतम स्टारर ‘भूत पुलिस’ के सैटेलाइट और डिजिटल राइट्स प्रोड्यूसर रमेश तौरानी ने स्टार नेटवर्क को बेच दिए हैं। बताया जा रहा है कि यह डील करीब 60-65 करोड़ रुपए में हुई है। इसमें से 45 करोड़ रुपए डिजिटल राइट्स और 15-20 करोड़ रुपए सैटेलाइट राइट्स के बताए जा रहे हैं। चूंकि पवन कृपलानी के निर्देशन में बनी इस फिल्म का बजट करीब 40 करोड़ रुपए है। ऐसे प्रोड्यूसर्स को राइट्स बेचकर 20 से 25 करोड़ रुपए का फायदा हुआ है।
-स्वतंत्र पत्रकारों की मदद के लिए आगे आए अमिताभ बच्चन
कोरोना महामारी के चलते एंटरटेनमेंट वर्ल्ड से जुड़े स्वतंत्र पत्रकारों को आर्थिक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। इस स्थिति में महानायक अमिताभ बच्चन उनकी मदद के लिए आगे आए हैं। हाल ही में उन्होंने कई स्वतंत्र पत्रकारों की आर्थिक स्थिति का जायजा लिया और उनके बैंक खातों में रकम ट्रांसफर की है। ताकि संकटकाल के आने वाले कुछ महीनों में उनके परिवारों को राहत मिल सके। ऐसे ही एक पत्रकार ने बताया, “अमिताभ बच्चन कोरोना के खिलाफ लड़ाई में अब तक 15 करोड़ रुपए से ज्यादा का दान कर चुके हैं। उनका कहना है कि जरूरत पड़ी तो वे और राशि दान करने में पीछे नहीं हटेंगे।”
-‘आर्मी ऑफ द डेड’ में अपने किरदार पर हुमा ने दी सफाई
हुमा कुरैशी फिल्म ‘आर्मी ऑफ द डेड’ से हॉलीवुड में डेब्यू करने जा रही हैं। फिल्म के हर टीजर में उनकी झलक दिखाई। इससे अनुमान लगाया जा रहा था फिल्म में उनका अच्छा खासा रोल होगा। लेकिन फिल्म में उनका छोटा सा किरदार पाकर उनके फैन्स काफी नाराज हैं और सोशल मीडिया पर सवाल उठा रहे हैं कि आखिर हुमा फिल्म में कर क्या रही हैं? अब हुमा ने इसे लेकर सफाई दी है। उन्होंने बॉलीवुड फिल्म ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ का हवाला दिया, जहां उनकी स्क्रीन प्रजेंस सिर्फ 15 मिनट की थी। एक्ट्रेस ने कहा कि ठीक इसी तरह डायरेक्टर जैक स्नाइडर हॉलीवुड के बेहतरीन डायरेक्टर हैं और उन्हें खुशी है कि ‘आर्मी ऑफ द डेड’ से उनका हॉलीवुड डेब्यू किया है।
-ड्रामा की निर्देशन जोया अख्तर नहीं, कोई और होगा
फरहान अख्तर और उनके पार्टनर रितेश सिधवानी एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले 70 और 80 के दशक के दौर की राइटर जोड़ी सलीम-जावेद की जिंदगी पर बेस्ड डॉक्युमेंट्री ड्रामा प्रोड्यूस करने जा रहे हैं। पहले चर्चा थी कि जावेद की बेटी जोया अख्तर इस डॉक्युमेंट्री ड्रामा को निर्देशित करेंगी। लेकिन ताजा रिपोर्ट्स की मानें तो ये खबरें झूठी हैं। सूत्रों के मुताबिक, डायरेक्टर पर अंतिम फैसला अभी बाकी है। लेकिन यह कोई और होगा। डॉक्युमेंट्री ड्रामा में सलीम खान और जावेद अख्तर के साथ अमिताभ बच्चन के इंटरव्यू भी शामिल किए जाएंगे, जिनकी कामयाबी के पीछे राइटर जोड़ी का बहुत बड़ा हाथ है।
