एक बार फिर अक्षय कुमार और कटरीना कैफ स्टारर ‘सूर्यवंशी’ की रिलीज डेट को लेकर कयास लगने शुरू हो गए हैं। पहले कहा जा रहा था कि यह फिल्म दिवाली पर रिलीज होगी। लेकिन ताजा रिपोर्ट्स की मानें तो मेकर्स इसे स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त के आसपास) के मौके पर लाने की प्लानिंग कर रहे हैं। कहा जा रहा है कि कोविड-19 के हालात सामान्य होने के बाद रिलीज डेट का आधिकारिक एलान किया जाएगा। रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनी इस फिल्म की रिलीज डेट कई बार टल चुकी है। सबसे पहले यह ईद 2020 पर आने वाली थी। लेकिन फिर इसे प्री-पोन कर 27 मार्च 2020 पर शिफ्ट किया गया। बाद में इसे और तीन दिन पहले 24 मार्च को रिलीज करने का फैसला लिया। लेकिन कोविड के कारण इसे आगे बढ़ाना पड़ा। फिर दिवाली 2020 पर फिल्म की रिलीज तय हुई। लेकिन कोरोना के संकट के चलते सिनेमाघर नहीं खुले और इसे फिर टालना पड़ा। बाद में इसे 30 अप्रैल 2021 पर शिफ्ट किया गया और यह रिलीज डेट कोविड की दूसरी लहर की भेंट चढ़ गई।
बाबिल के साथ फिल्म बना रहे शूजित सरकार
अमिताभ बच्चन, दीपिका पादुकोण और दिवंगत इरफान खान के साथ ‘पीकू’ बना चुके निर्देशक शूजित सरकार और निर्माता रॉनी लहरी अब इरफान के बेटे बाबिल खान के साथ काम करने जा रहे हैं। इस बात की जानकारी देते हुए रॉनी ने सोशल मीडिया पर लिखा है, “इरफान सर आपकी विरासत को आगे ले जाते हुए सम्मानित महसूस कर रहे हैं। आप जैसे लीजेंड के साथ काम किया और अब बाबिल के साथ। अगर यह प्रोविडेंस नहीं है तो फिर क्या है?” उन्होंने कुछ फोटो भी पोस्ट की हैं, जिसमें वे शूजित और बाबिल के साथ दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, इस प्रोजेक्ट को लेकर अभी तक ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।
निखिल आडवाणी के साथ एक्शन फिल्म करेंगे शाहिद कपूर
शाहिद कपूर ‘बाटला हाउस’ जैसी फिल्मों के निर्माता निखिल आडवाणी की अपकमिंग फिल्म में नजर आ सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस फिल्म के बारे में ज्यादा जानकारी तो सामने नहीं आई है। लेकिन यह जबर्दस्त एक्शन से भरी थ्रिलर फिल्म होगी। बताया जा रहा है कि निखिल इस फिल्म की प्लानिंग करीब एक साल से कर रहे हैं। वे इसके लिए यंग जनरेशन के एक्टर्स में से किसी को साइन करना चाहते थे। चूंकि, शाहिद इन दिनों मुंबई में नहीं हैं। इसलिए उन्होंने उनके साथ वर्चुअली डिस्कशन किया। शाहिद को आइडिया और स्क्रिप्ट पसंद आए हैं। टीम इसे अंतिम रूप देने से पहले तौर-तरीकों पर काम कर रही है। रिपोर्ट्स की मानें तो निखिल ने इससे पहले शाहिद को ‘बेल बॉटम’ भी ऑफर की थी, जो बाद में अक्षय कुमार के खाते में चली गई।
शाहरुख खान की फिल्म से बॉलीवुड डेब्यू करेंगी नयनतारा
साउथ इंडियन सिनेमा की एक्ट्रेस नयनतारा बॉलीवुड डेब्यू करने जा रही हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो उनकी पहली हिंदी फिल्म शाहरुख खान के अपोजिट होगी, जिसका निर्देशन तमिल फिल्मों के निर्देशक एटली कुमार करने वाले हैं। पिछले दो सालों से यह प्रोजेक्ट लगातार चर्चा में बना हुआ है। लेकिन अब तक इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। कुछ समय पहले एटली और शाहरुख के बीच फिल्म को लेकर डिस्कशन हुआ था। अब बताया जा रहा है कि नयनतारा ने हाल ही में इसे साइन किया है। इससे पहले वे एटली कुमार के साथ दो फिल्में कर चुकी हैं। चर्चा यह है कि कन्नड़ एक्टर सुदीप फिल्म में विलेन की भूमिका में नजर आ सकते हैं।
