सुरभि सिन्हा
देश में बढ़ते कोरोना महामारी के मामलों के बीच पिछले साल ही यशराज फिल्म्स ने अपनी स्थापना के 50 साल पूरे किये थे। कंपनी की इस उपलब्धि का वैश्विक स्तर पर जश्न मनाने के लिए कंपनी के चेयरमैन आदित्य चोपड़ा ने भव्य योजनाएं बनाई थीं और भविष्य में चर्चा का केंद्र बनने लायक इन शानदार जश्नों के लिए उन्होंने एक विशाल बजट अलग से निर्धारित किया था। लेकिन अब देश में बढ़ते कोरोना महामारी के बीच यशराज फिल्म्स के चेयरमैन आदित्य चोपड़ा ने यशराज फिल्म्स के गोल्डन जुबली के इस जश्न की सारी रकम अब कोविड 19 से प्रभावित लोगों की भलाई में खर्च करने का फैसला किया है। रिपोर्ट्स के अनुसार आदित्य ने यह फैसला देश में कोविड -19 की दूसरी लहर से देश में मची तबाही को देखते हुए और फिल्म इंडस्ट्री के दोबारा बंद होने की वजह से लिया है। वह इस रकम को दिहाड़ी कामगारों को राहत पहुंचाने में खर्च करेंगे।
पिछले हफ्ते ही यश राज फिल्म्स ने ‘यश चोपड़ा साथी इनिशिएटिव’ लॉन्च किया था, जिसका उद्देश्य हजारों फिल्म उद्योग श्रमिकों को वित्तीय सहायता प्रदान करना है। इसकी जानकारी खुद वाईआरएफ ने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी करते हुए दी।
