हाल ही में सोशल मीडिया पर दिग्गज अभिनेता मुकेश खन्ना के निधन की अफवाह सोशल मीडिया पर तेजी से उड़ी थी। यहां तक की लोग उन्हें सोशल मीडिया पर श्रंद्धाजलि भी देने लगे थे, जिसके बाद मुकेश खन्ना ने खुद सामने आकर इस खबर का खंडन किया था और साथ ही ऐसी अफवाह फ़ैलाने वालों पर जमकर भड़के थे। लेकिन लगता है कि मुकेश का गुस्सा अभी शांत नहीं हुआ है। दरअसल अपनी मौत की खबर का खंडन करने के बाद अगले दिन ही मुकेश खन्ना की इकलौती बहन का निधन हो गया। इसकी जानकारी खुद मुकेश खन्ना ने सोशल मीडिया पर दी थी। ऐसे में मुकेश का गुस्सा शांत नहीं हो पाया और अपनी बहन के निधन के लगभग एक सप्ताह बाद मुकेश खन्ना मौत की झूठी खबर फ़ैलाने वालों पर जमकर भड़के हैं। मुकेश खन्ना ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर ऐसी अफवाह फ़ैलाने वालों पर अपनी भड़ास निकाली है। इसके कैप्शन में मुकेश खन्ना ने लिखा-‘किसने फैलाई मेरी मौत की झूठी ख़बर ! बहन के निधन के शोक में सात दिन ख़ामोश रहने के बाद आज अपनी ख़ामोशी तोड़ रहा हूँ,और पहला प्रश्न पूछ रहा हूँ उस शख़्स से या उन लोगों से जिन्होंने मेरी मौत की झूठी ख़बर सोशल मीडिया पर फैलाई।
मैं पर्दाफ़ाश करुंगा आप लोगों का और इसकी सज़ा आपको भुगतनी पड़ेगी।अपने विचार और वेदना प्रकट की है मैंने अपनी इस विडियो में। देखिए और फ़ॉर्वर्ड मत कीजिए ऐसी अफ़वाहों को, बिना उनका सच जाने।’

मुकेश खन्ना का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और फैंस इसपर जमकर प्रतिक्रिया भी दे रहे है। इसके साथ ही कुछ लोग मुकेश के इस पोस्ट का खुलकर समर्थन कर रहे है और उनके सवालों को सही ठहरा रहे हैं।
