‘हीरो नं. 1’ के नाम से मशहूर गोविंदा अब बंगाली डांस रियलिटी शो ‘डांस बांग्ला डांस’ के 11वें सीजन में बतौर जज नजर आ रहे हैं। शो का प्रीमियर शनिवार को जी बांग्ला पर हो चुका है। गोविंदा के साथ बंगाली स्टार जीत और शुभाश्री भी इस रियलिटी शो के जज हैं। गोविंदा की मानें तो वे अपनी इस नई जर्नी के तहत नए स्टेज और नए अवतार को लेकर बेहद एक्साइटेड हैं। उन्होंने कहा, “डीबीडी के एनर्जी लेवल ने मुझे एक्साइटेड किया है और जब मेरा काम मुझे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है तो मुझे अच्छा लगता है।” शो को बंगाली एक्टर अंकुश और विक्रम चटर्जी होस्ट कर रहे हैं।
शिल्पा शेट्टी के घर में आया नया सदस्य
एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी ने अपने परिवार में नए सदस्य का स्वागत किया है। यह एक पेट डॉग है, जिसका नाम उन्होंने टफल रखा है। शिल्पा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर इस बात की जानकारी दी है। उनकी मानें तो यह डॉग एक फ्रेंड ने उनके बेटे विवान के जन्मदिन पर गिफ्ट किया है। शिल्पा ने वीडियो के कैप्शन में लिखा है, “मिलिए हमारे नए फैमिली मेंबर टफल से। विवान एक और पेट मांग रहा था और मैंने उससे वादा किया था कि मैं उसे ये तब दूंगी, जब वह 10 साल का हो जाएगा और उसकी देखभाल कर सकेगा। उसने यह एक साल पहले ही इसे पा लिया। बहुत अच्छा लड़का है। हैप्पी बर्थडे माय डार्लिंग।” शुक्रवार को विवान ने 9वां जन्मदिन सेलिब्रेट किया है।
रकुल ने साझा किया अमिताभ के साथ काम का अनुभव
एक्ट्रेस रकुल प्रीत सिंह ‘मे डे’ में पहली बार अमिताभ बच्चन के साथ स्क्रीन शेयर कर रही हैं। एक बातचीत में उन्होंने बिग बी के साथ काम का अनुभव साझा किया। उन्होंने कहा, “मिस्टर बच्चन लगातार रिहर्सल करते हैं। वे लगातार अपने किरदार में रहते हैं। मैं सोचती थी कि उनसे बात करूं या नहीं। उन्हें डिस्टर्ब करूं या नहीं। किसी को इतना एफर्ट लगाते देखना अमेजिंग होता है।” कोरोना की दूसरी लहर के कारण महाराष्ट्र में लॉकडाउन लगने से पहले अजय देवगन के निर्देशन में बन रही ‘मे डे’ की शूटिंग शुरू हो चुकी थी। रकुल ‘मे डे’ के अलावा ‘थैंक गॉड’ और ‘डॉक्टर जी’ में भी नजर आएंगी। एक अन्य फिल्म में वे कंडोम टेस्टर की भूमिका भी करने वाली हैं।
कोविड पेशेंट्स की मदद के लिए आगे आईं मौनी रॉय
मौनी रॉय उन सेलेब्स में से हैं, जो अक्सर नेक काम का समर्थन करते हैं। कोरोना महामारी के बीच वे लगातार लोगों की मदद कर रही हैं। अब उन्होंने कोविड पेशेंट की मदद के लिए पश्चिम बंगाल के मायापुरी स्थित इस्कॉन फाउंडेशन में दान दिया है। ताकि मेडिकल फैसिलिटीज की कमी से जूझ रहे इस कस्बे की मदद हो सके। मौनी ने सोशल मीडिया के जरिए बताया है कि अस्पताल, ऑक्सीजन सिलेंडर, ऑन-कॉल डॉक्टर और संबंधित चिकित्सा आपूर्ति नहीं होने के चलते इस कस्बे और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मौनी ने हाल ही में कोविड संकट के बीच लोगों की मदद कर रहे गिव इंडिया फाउंडेशन में भी डोनेशन दिया था।
