अजय देवगन ने अपने डिजिटल डेब्यू का एलान कर दिया है। उनकी पहली वेब सीरीज ‘रूद्र : द एज ऑफ डार्कनेस’ की स्ट्रीमिंग डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर होगी। मंगलवार को अजय ने इस सीरीज से अपना फर्स्ट लुक साझा करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, “थ्रिलर ऑफ द ईयर हॉटस्टार स्पेशल ‘रूद्र: द एज ऑफ डार्कनेस’ का एलान करते हुए खुशी हो रही है। यह किलर होने वाली है।” बताया जा रहा है कि सीरीज में अजय एक अंडरकवर पुलिस ऑफिसर की भूमिका में नजर आएंगे, जो उनके अब तक निभाए गए कॉप अवतारों से अलग होगा।
कोरोना से बने देश के हालात देख परेशान प्रियंका
एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा भारत में बढ़ रहे कोरोना मामलों को देखते हुए बेहद परेशान हैं। मंगलवार को उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी चिंता जाहिर की और लोगों से कोविड से बचने के लिए सावधानियां बरतने की गुजारिश की। उन्होंने लिखा कि वे देश के अलग-अलग कोनों से आ रहीं डराने वाली तस्वीरें देख रही हैं। उन्होंने अपनी पोस्ट में फैन्स को मैसेज देते हुए लिखा है, “प्लीज घर में ही रहें। मैं आपसे घर में रहने की भीख मांगती हूं।” प्रियंका ने लिखा है कि यह अपने परिवार, दोस्तों, समाज और फ्रंटलाइन वर्कर्स के लिए करें। प्रियंका ने यह भी लिखा कि कोरोना को हल्के में न लें और अपनी बारी आने पर वैक्सीन जरूर लगवाएं।
