Wednesday, March 4, 2026
Homeमंडललखनऊ मंडलमध्य कमान अस्पताल : 39 नर्सिंग कैडेट्स को लेफ्टिनेंट के रूप में...

मध्य कमान अस्पताल : 39 नर्सिंग कैडेट्स को लेफ्टिनेंट के रूप में प्रदान किया कमीशन

लखनऊ (हि.स.)। कॉलेज ऑफ नर्सिंग के नर्सिंग कैडेट्स के तीसरे बैच का कमीशन समारोह बुधवार को मध्य कमान अस्पताल लखनऊ छावनी के परेड ग्राउंड में आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि मेजर जनरल रमेश कौशिक, कमांडेन्ट, कमान अस्पताल, मध्य कमान लखनऊ ने प्रतिष्ठित मिलिट्री नर्सिंग सेवा में 39 नर्सिंग कैडेट्स को लेफ्टिनेंट के रूप में कमीशन प्रदान किया। इस अवसर पर मेजर जनरल रमेश कौशिक तथा मध्य कमान अस्पताल की प्रिंसिपल मैट्रन ब्रिगेडियर सुनीता शर्मा ने नर्सिंग कैडेटों को लेफ्टिनेन्ट के रूप में कमीशन किया । 

समारोह में कई अधिकारी, एमएनएस अधिकारी, गर्व से परिपूर्ण अभिभावक एवं अन्य अतिथियों ने भाग लिया। मेजर जनरल रमेश कौशिक ने नये कमीशन प्राप्त नर्सिंग अधिकारियों, तथा कार्यक्रम में उपस्थित सभी को सम्बोधित करते हुए कहा कि एक नर्सिंग अधिकारी की जिम्मेदारियां, चुनौतीपूर्ण और पुरस्कृत है।
मेजर जनरल रमेश कौशिक ने सशस्त्र बलों के निरन्तर विस्तार और बदलते स्वास्थ्य परिदृश्य पर जोर दिया और कहा कि एमएनएस अधिकारी बहुमुखी और अद्वितीय स्वास्थ्य देखभाल प्रदाताओं के रूप में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कर्नल एस गीता, प्राचार्या, कॉलेज ऑफ नर्सिंग, कमान अस्पताल, मध्य कमान लखनऊ ने पाठ्यक्रम रिपोर्ट प्रस्तुत की, जहां उन्होंने इन होनहार नर्सिंग कैडेट्स की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला, जो कि अब नर्सिंग अधिकारियों की भूमिका में सशस्त्र बलों के अस्पतालों, (जल, थल और वायु) में शामिल होंगे।
लेफ्टिनेंट सुमन रावत स्वर्ण पदक और पूजा भारती रजत पदक से सम्मानित
इस समारोह के दौरान लेफ्टिनेंट सुमन रावत को फाइनल ईयर केजीएमयू यूनिवर्सिटी की परीक्षा में प्रथम स्थान हासिल करने की लिए स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। लेफ्टिनेंट पूजा भारती ने बैच में दूसरा स्थान प्राप्त करने के लिए रजत पदक हासिल किया। लेफ्टिनेंट आयुषी मिश्रा को ऑल राउंड बेस्ट स्टूडेंट और लेफ्टिनेंट चनप्रीत कौर को बेस्ट क्लीनिकल नर्स चुना गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular