मथुरा(हि.स.)। थाना हाईवे क्षेत्र अंतर्गत गोवर्धन चौराहे के पास मंगलवार पूर्वान्ह एक बग्गी विद्युत पोल से टकराने के बाद हुए करंट प्रवाह से घोड़ी की मौत हो गई और चालक भी करंट की चपेट में आ गया। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने वहां जाम लगाते हुए हंगामा काट डाला, सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझा बुझाकर जाम खुलवाया और मामले की जांच का आश्वासन दिया है।
मंगलवार पूर्वान्ह हाईवे थाना क्षेत्र के अंतर्गत गोवर्धन चौराहे के पास वीरेंद्र अपनी बग्गी से पशुओं को चारा डालकर वापस घर लौट रहा था, इस दौरान उसकी बग्गी सड़क किनारे खड़े विद्युत पोल से टकरा गई। जहां बग्गी में करंट उतरने से घोड़ी चपेट में आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जब वीरेंद्र ने अपनी घोड़ी को बचाने का प्रयास किया तो वह भी करंट की चपेट में आ गया। इस बीच आसपास के लोगों ने बड़ी मुश्किल से वीरेंद्र को बचाया, लेकिन वीरेंद्र की घोड़ी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर वीरेंद्र के परिजन और ग्रामीण भी घटनास्थल पहुंचे और मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया और मामले में जांच का आश्वासन दिया। पीड़ित चालक का कहना है कि घोड़ी ही उसके आमदनी का एकमात्र साधन थी।
