– प्रशासनिक विभागों एवं साधु-संतों के साथ की बैठक
– पिछले कुंभों की अपेक्षा इस बार का कुंभ होगा भव्य और आकर्षण : अनिल कुमार
मथुरा (हि.स.)। वृंदावन में 16 फरवरी से लगने वाले मिनी कुंभ मेला स्थल का मंडलायुक्त अनिल कुमार ने प्रशासनिक अमले के साथ गुरूवार तैयारियों का जायजा लिया वहीं उन्होंने वृंदावन एवं अन्य अखाड़ों के साधु संतों के साथ बैठक करते हुए उनसे मेले से पूर्व कोविड-19 टेस्ट कराने का आग्रह भी किया।
उन्होंने कहा कि मेले के आयोजन के लिए 25 करोड़ रूपया अब तक वृन्दावन कुम्भ मेले हेतु विभिन्न विभागों को अवमुक्त किये जा चुके हैं, जिसमें अधिकांश विभागों द्वारा अपना कार्य प्रारम्भ कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि पिछले कुम्भों की अपेक्षा इस बार का मिनी कुंभ भव्य और आकर्षण होगा।
मण्डलायुक्त अनिल कुमार ने गुरूवार दोपहर वृन्दावन स्थित पर्यटन सुविधा केन्द्र पर वृन्दावन कुम्भ के लिए की जा रही तैयारियों के संबंध में बैठक की, उसके बाद उन्होंने वृन्दावन कुम्भ मेला क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने गंगाजल सप्लाई के लिए डाली जा रही पाइप लाइनों एवं स्नान हेतु बनाये जा रहे पक्के घाट तथा अन्य तीन घाटों को बनाये जाने वाले स्थलों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने केशीघाट जाकर वस्तु स्थिति को देखा तथा वहां की जाने वाली व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक निर्देश दिये।
वहीं, उन्होंने साधु-संतों के साथ बैठक करते हुए कहा कि यह कुम्भ पिछले कुम्भों की अपेक्षा अधिक आकर्षण एवं भव्य रूप से मनाया जायेगा, जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम हेतु अलग से व्यवस्था की जायेगी। आयुक्त ने कहा कि कुम्भ मेले में आने वाले अखाड़ों की सूची भेजी जाये तथा यह भी अवगत कराया जाये कि अखाड़े में आने वाले संत किस स्थान से आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कोविड-19 के दृष्टिगत संत पांच दिन पूर्व का अपना प्रमाण पत्र भी साथ लायें, जिन संतों का कोविड-19 का टेस्ट नहीं हुआ है उनके टेस्ट की व्यवस्था कुम्भ में ही कराने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि जिन 09 मन्दिरों से सबारियां निकलेंगी उसका रूटचार्ट उपलब्ध करा दिया जाये, जिससे पुलिस एवं अन्य व्यवस्थाओं को पूर्ण कर लिया जाये।
मथुरा : मंडलायुक्त ने प्रशासनिक अमले के साथ कुंभ मेला का किया स्थलीय निरीक्षण
RELATED ARTICLES
