Friday, April 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमथुरा : भागवताचार्य एवं उसके सहयोगी पर रेप का मामला दर्ज, सीओ...

मथुरा : भागवताचार्य एवं उसके सहयोगी पर रेप का मामला दर्ज, सीओ सदर ने पीड़िता के बयान किए दर्ज

– नर्सिंग छात्रा ने लगाया भागवताचार्य एवं उसके सहयोगी पर दुष्कर्म का आरोप

– नौकरी का झांसा देकर बुलाया घर अश्लील तस्वीरें दिखाकर किया दुष्कर्म

मथुरा (हि.स.)। दुष्कर्म पीड़िता व नर्सिंग छात्रा द्वारा एसएसपी कार्यालय पर आत्मदाह की चेतावनी के बाद पुलिस ने मंगलवार को भागवताचार्य एवं उसके सहयोगी के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट व जान से मारने की धमकी का मुकदमा दर्ज कर लिया है, सीओ सदर प्रवीण मलिक ने पीड़िता के बयान दर्ज किए है।

शिकायत करने वाली छात्रा एक आश्रम में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई करती है। 21 फरवरी को पीड़िता ने पुलिस पर कार्रवाई ना करने का आरोप लगाते हुए आत्मदाह की धमकी दी थी। जिसके बाद वृंदावन कोतवाली क्षेत्र के मोतीझील निवासी भागवताचार्य कार्ष्णि नागेंद्र महाराज एवं उनके साथी प्रॉपर्टी डीलर देवेंद्र शुक्ला उर्फ पूरन पुत्र गिर्राज शुक्ला निवासी पानीगांव थाना जमुनापार के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

छात्रा ने अपनी शिकायत में कहा है कि 4 साल पहले पानीगांव के रहने वाले पुष्पेंद्र शुक्ला के साथ उसके प्रेम संबंध थे। 20 मार्च, 2018 को वह प्रेमी पुष्पेंद्र के घर पर थी, जब पुष्पेंद्र के पिता देवेंद्र शुक्ला वहां आए और पुष्पेंद्र को मारपीट कर वहां से भगा दिया। इसके बाद उसे धमकाते हुए उसके साथ दुष्कर्म किया। उसके बाद तस्वीरें भी खींच लीं। पीड़िता का आरोप है कि देवेंद्र ने नौकरी दिलाने के नाम पर उससे एक लाख 20 हजार रुपए भी ले लिए। लेकिन जब नौकरी नहीं लगी तो पीड़िता ने घर की आर्थिक स्थिति सही न होने की बात कहते हुए रुपए वापस करने का दबाव बनाया। जिसके बाद देवेंद्र ने चेक के माध्यम से उसे 75 हजार रुपए वापस कर दिए।

पीड़िता ने जब बाकी रुपयों की मांग की तो देवेंद्र ने खुद को भागवताचार्य कार्ष्णि नागेंद्र महाराज का करीबी बताया। बाद में उसकी मुलाकात नागेंद्र महाराज से करा दी। नागेंद्र महाराज ने पीड़िता के घर की स्थिति देखते हुए राशन और जरूरी सामान भिजवा दिया। साथ ही उसे नौकरी लगवाने का आश्वासन भी दिया। इसके बाद नागेंद्र महाराज उसे फोन करने लगा और हालचाल लेने लगा। नागेंद्र महाराज ने 7 जुलाई 2020 को दोपहर 1 बजे उसे अपने घर बुलाया। पीड़िता के अश्लील फोटो दिखाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

आरोप है 15 फरवरी को वृन्दावन कोतवाली में उसने कार्ष्णि नागेंद्र महाराज और उनके साथी देवेंद्र शुक्ला के खिलाफ शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने उस वक्त कोई कार्रवाई नहीं की थी। जिसके बाद इंसाफ की गुहार लगाते हुए पीड़िता ने सोमवार को एसएसपी कार्यालय पर आत्मदाह की बात कही थी। आत्मदाह की धमकी के बाद पुलिस ने मंगलवार मामला दर्ज कर लिया है। छात्रा ने यह भी कहा कि दोनों आरोपियों ने मिलकर उसके खिलाफ वृंदावन में झूठी रिपोर्ट भी दर्ज करा दी थी। सीओ सदर प्रवीण मलिक ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज करके जांच की जा रही है।

वृन्दावन कोतवाली प्रभारी अजय कौशल ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कार्ष्णि नागेंद्र महाराज ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि उन्हें फंसाया जा रहा है। अगर निष्पक्ष जांच कराई जाए तो सच्चाई सभी के सामने आ जाएगी।

महेश

RELATED ARTICLES

Most Popular