मथुरा (हि.स.)। थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बीएसए कालेज में शनिवार को दो छात्र-गुट जंग के मैदान में उतर गए, जिसमें एक गुट ने फायरिंग कर दिया। परिसर में फायरिंग से दहशत का वातावरण छा गया है। सूचना पाकर मौके पहुंची पुलिस ने सीसी टीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपितों को चिन्हित करके कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शनिवार पूर्वाह्न शहर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत बीएसए कॉलेज के छात्रों के दो गुटों में पहले कहासुनी हुई और फिर बात बंदूक पर आ गई। छात्रों के एक गुट ने फायरिंग कर दी। दो राउंड की ताबड़-तोड़ फायरिंग से कॉलेज प्रशासन और छात्रों में हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई।
बीएसए कॉलेज की प्राचार्य बबीता अग्रवाल ने बताया कि विवेक चौधरी नाम का छात्र एलएलबी द्वितीय वर्ष में अध्ययन कर रहा है। विवेक फायर करने के बाद भाग खड़ा हुआ। मामले की जांच कराई जा रही है और कॉलेज प्रशासन की तरफ से भी कार्यवाही की जाएगी।
पुलिस क्षेत्राधिकारी वरूण कुमार ने बताया कि आज पूर्वान्ह साढ़े दस बजे छात्रों के दो पक्षों में कहासुनी हुई और उसके बाद एक तमंचा से दो राउण्ड हवाई फायरिंग हुई है। अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। सीसी टीवी खंगाले जा रहे हैं, जो भी चिन्हित पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि आपराधिक इतिहास वाले छात्रों की सूची बनाई जाएगी।उल्लेखनीय है कि बीएसए कॉलेज में फायरिंग का यह पहला मामला नहीं है। गनीमत रही कि फायरिंग में जान-माल की हानि नहीं हुई है।
