कोहरे के चलते गुरुवार की सुबह हुआ हादसा
कासगंज (हि.स.)। मथुरा बरेली हाईवे पर नगरिया चौकी के निकट रोडवेज बस एवं कैंटर में भिड़ंत हो गई। कोहरे के चलते हुए हादसे में कैंटर चालक की मौत हुई है। जबकि महिला समेत दो गंभीर रूप से घायल हो गये। जिन्हें अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। पुलिस ने कैंटर चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक राजस्थान के जिला भरतपुर का निवासी है।
गुरुवार सुबह कोहरा छाया हुआ था। इसी के चलते नगरिया पुलिस चौकी के निकट रोडवेज बस एवं कैंटर में भिड़ंत हो गई। बस बरेली की ओर से कासगंज आ रही थी। जबकि कैंटर मधुमक्खी लेकर बरेली की ओर जा रहा था। आमने-सामने की भिड़ंत में कैंटर चालक राजस्थान प्रदेश के जिला भरतपुर हिंडौन सिटी निवासी इसराइल का 25 वर्षीय पुत्र युसूफ की मौके पर मौत हो गई। जबकि बस चालक पड़ोसी जनपद एटा के थाना मिरहची क्षेत्र के निवासी सत्यवीर एवं सोरो कोतवाली क्षेत्र की निवासी महिला सुषमा गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करा दिया है, जबकि चालक के शव को औपचारिकता के बाद अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने परिवहन निगम की बस में मौजूद यात्रियों को दूसरे वाहन से गंतव्य की ओर रवाना किया है। नगरिया चौकी इंचार्ज कुलदीप शर्मा का कहना है कि हादसा कोहरे के चलते हुआ है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। दोनों वाहन पुलिस के कब्जे में है।
पुष्पेंद्र सोनी
