मथुरा(हि.स.)। जिले में बीती रात वांछित टटलुओं की गिरफ्तारी के लिए थाना शेरगढ़ पुलिस के साथ इस्लाम नगर आई फरीदाबाद पुलिस पर महिला और पुरुषों ने मिलकर हमला करते हुए एक टटलू को छुड़ा लिया। सूचना पाकर आसपास के थानों का पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया, लेकिन जब तक हमलावर फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में चार महिलाओं समेत एक दर्जन लोगों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई में जुटी थी तथा हिरासत में लिये लोगों से पूछताछ में जुटी है।
फरीदाबाद के सेक्टर-21 थाना क्षेत्र में लोगों के साथ धोखाधड़ी कर ठगी किए जाने के मामले में मथुरा के जंघावली नगला इस्लाम नगर के लोगों का नाम प्रकाश में आने पर फरीदाबाद पुलिस बुधवार की देर रात यहां उनकी गिरफ्तारी को पहुंची तथा आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए थाना शेरगढ़ में आमद दर्ज कराई।
फरीदाबाद पुलिस ने मथुरा के कार्यवाहक थाना प्रभारी अर्जुन सिंह राठी पुलिस फोर्स के साथ गांव इस्लाम नगर पहुंचे। पुलिस ने आरोपितों के यहां दबिश दी और एक आरोपित को पुलिस ने दबोच भी लिया। इसके साथ ही महिला और पुरुषों ने मिलकर पुलिस टीम के ऊपर हमला बोल दिया। गाली-गलौज कर मारपीट की और आरोपित को भी पुलिस से छुड़ा लिया। एक साथ हमले से दोनों थानों की पुलिस टीम के हाथ-पैर फूल गए।
सूचना पर थाना शेरगढ़, छाता, नौहझील और सुरीर कोतवाली से भी पुलिस नगला इस्लाम नगर पहुंच गई। पुलिस ने आरोपितों के घरों की तलाशी ली, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। पुलिस ने अपने ऊपर हुए हमले के मामले चार महिलाओं समेत एक दर्जन लोगों को हिरासत में ले लिया। सीओ वरुण कुमार भी मौके पर पहुंच गए। सीओ की मौजूदगी में पुलिस ने सर्च आपरेशन चलाया।
एसपी ग्रामीण श्रीश्चंद्र चंद्र ने बताया कि फरीदाबाद पुलिस के साथ में थाना शेरगढ़ की पुलिस इस्लाम नगर गई थी। यहां पुलिस के साथ अभद्रता की गई। कुछ महिलाओं समेत एक दर्जन लोगों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
महेश
