मथुरा(हि.स.)। थाना नौहझील क्षेत्र के शेरगढ़ मार्ग स्थित सिद्धस्थली श्रीझाड़ी हनुमान मंदिर में मंगलवार सुबह मुख्य महंत सहित पांच साधु बेहोश हालत में मिले। यहां बीतीरात अज्ञात बदमाशों ने हनुमान मंदिर में जमकर लूटपाट करते हुए यहां से तिजोरी और दानपात्र में रखी लाखों रूपए की नगदी व अन्य सामान लूटकर ले गए। सूचना पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. गौरव ग्रोवर और एसपी देहात श्रीश चन्द ने टीम गठित कर जल्द लूट का खुलासा करने के निर्देश अधीनस्थों को दिए है।
नौहझील-शेरगढ़ मार्ग पर सिद्ध स्थली श्रीझाड़ी वाले हनुमान जी के नाम से मंदिर है जिसमें सोमवार की रात बदमाशों ने यहां साधुओं को नशीला पदार्थ खिला यहां से चार लाख रूपए की नगदी और दो मोबाइल तथा अन्य सामान लूटकर ले गए। मंगलवार की सुबह जब अन्य साधु यहां पहुंचे तो मंदिर परिसर में बने कमरों में मंदिर के महंत रामरतनदास, पुजारी, रसोई नोहबत सिंह, साधू बाल ब्रह्मचारी, जीवनदास, सेवक प्रहलाद बेहोश मिले। लूटपाट की सूचना पर पहुंची थाना नौहझील पुलिस ने जानकारी जुटाई। एसएसपी डॉक्टर गौरव ग्रोवर और एसपी देहात श्रीशचंद भी मौके पर पहुंचे।
पुलिस की चार टीमें बदमाशों की तलाश में लगाई गई हैं। मंदिर के एक साधु के अनुसार बदमाश महंत की तिजोरी से 3.40 लाख और दानपात्र से लगभग 25 हजार रुपये लूटकर ले गए हैं। दो मोबाइल फोन समेत अन्य सामान भी गायब हैं। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी तोड़कर ले गए। फिलहाल साधुओं का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है, जहां चार की हालत गंभीर बनी हुई है।
