– कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण के प्रस्ताव एवं पैगांव के प्रधान की चुनावी रंजिशन गोली मारकर हत्या
मथुरा(हि.स.)। कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण के प्रस्तावक और पैगांव के प्रधान की शनिवार गांव गिडोह के समीप आधा दर्जन बदमाशों ने ताबड़ तोड़ गोलियां बरसाते हुए मौत के घाट उतार दिया और मौके से फरार हो गए। सूचना पाकर पहुंची कोसीकलां पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं गोलीकांड को लेकर ग्रामीणों ने नंदगांव रोड पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर पहुंची पुलिस एवं जिला प्रशासन ने समझा बुझाकर जाम खुलवाया है।
शनिवार ग्राम पैगांव के प्रधान 48 वर्षीय रामवीर अपने एक साथी के साथ नंदगांव रोड स्थित शनिधाम कोकिलावन की परिक्रमा लगाने गया था। परिक्रमा करते समय रामवीर को गांव गिडोह कट के समीप बाइक सवार नकाबपोश करीब आधा दर्जन बदमाशों ने घेर कर ताबड़तोड़ गोलियां मारी। रामवीर के सिर में तीन गोली लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जिससे परिक्रमा मार्ग में श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों ने घटना के विरोध में दोपहर नंदगांव रोड स्थित फ्लाई ओवर के समीप जाम लगा विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने हत्या आरोपियों की गिरफ्तार करने और प्रधान के साथ गए साथी की तलाश करने की मांग की है। जाम लगने की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। तत्काल पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और जाम खुलवाने का प्रयास किया, बमुश्किल समझाने बुझाने के बाद ग्रामीणों ने जाम खुलवाया है।
प्रभारी कोसीकलां निरीक्षक संजय त्यागी ने बताया कि मामला रंजिशन प्रतीत हो रहा है पूरे मामले की जांच के बाद कुछ कहा जा सकता है। प्रधान रामवीर छाता क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी चौधरी लक्ष्मी नारायण के इस चुनाव में प्रस्तावक थे।
महेश
