-प्रतिभाओं को उभारने में सामाजिक संस्थाएं आगे आएं : उपमन्यु
मथुरा(हि.स.)। मथुरा में ब्रिज स्पोर्ट्स अकेडमी में चल रहे दो दिवसीय ताई कमांडो और कराटे नेशनल चैंपियनशिप का सोमवार समापन हुआ। पिछले 2 दिन से ब्रिज स्पोर्ट्स एकेडमी के तत्वाधान में दो दिवसीय टाई प्रतियोगिता में 38 लड़कियों और 76 लड़कों ने भाग लिया। कराटे प्रतियोगिता में लड़कियों ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया जिसमें मुख्य रुप से वंशिका शर्मा, फलक, श्वेता, निधि, शालिनी थी।
इस अवसर पर पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि राष्ट्रीय यूनियन जर्नलिस्ट ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय सचिव, उपजा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं ब्रज प्रेस क्लब के अध्यक्ष कमलकांत उपमन्यु एडवोकेट ने कहा कि ब्रजभूमि में प्रतिभाओं को उभारने में सामाजिक संस्थाएं प्रतिस्पर्धा की भावना से आगे आएं।
ताई कमांडो और कराटे नेशनल चैंपियनशिप का दूसरे दिन सोमवार को उद्धघाटन सत्र की शुरुआत बल्देव विधान सभा विधायक पूरन प्रकाश और अंजू सूद के द्वारा माँ स्वरस्वती के समक्ष दीप प्रजल्लित कर किया गया। इस प्रतियोगिता में 8 राज्य यूपी, उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा, मध्य प्रदेश, राजस्थान, आदि राज्य से आये प्रतिभागियों ने भाग लिया। बच्चों के प्रदर्शन को देख विधायक पूरन प्रकाश बेहद खुश हुए। उन्होंने खेल के बीच एक मासूम बच्चे को गोद में उठा लिया और उसे नगद 500 रुपये का पुरस्कार दिया।
विधायक पूरन प्रकाश ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार खेल को बढ़ावा देने के लिए खिलाड़ियों को प्रोत्सहित कर रही है, जिससे खिलाड़ी न सिर्फ अपने माता-पिता का नाम रोशन करें बल्कि अपने शहर और देश का नाम भी रोशन करें।
सोमवार शाम समापन सत्र कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एनयूजेआई राष्ट्रीय सचिव और ब्रज प्रेस क्लब के अध्यक्ष कमलकांत उपमन्यु एडवोकेट ने यहां खेल रहे सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और खिलाड़ियों को बधाई दी और विजेता खिलाड़ियों को पदक प्रदान किया।
