-बम की सूचना पर पुलिस अलर्ट, प्रेम मंदिर, बांकेबिहारी अन्य स्थानों पर चलाया सर्च अभियान
मथुरा (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध प्रेम मंदिर में बम की सूचना मिलने पर पुलिस महकमें में हड़कम्प मच गया। बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड टीम ने पुलिस के साथ मंदिर में सर्च अभियान चलाया। सुरक्षा की दृष्टि से कई मंदिरों में चेकिंग की गई।
प्रेम मंदिर में 30 से ज्यादा पुलिसकर्मी और अधिकारी मौके पर पहुंचकर चारों तरफ से घेर लिया गया। गनीमत यह रही कि उस दौरान एक दो श्रद्धालु ही मंदिर परिसर में थे। जांच टीम ने मंदिर के मुख्य द्वार, आंगन सहित सभी जगहों पर चेकिंग की। मंदिर में सर्च ऑपरेशन चलाने के बाद जब कुछ नहीं मिला तो पुलिसकर्मियों ने राहत की सांस ली।
पुलिस अधीक्षक नगर मार्तंड प्रकाश सिंह ने सोमवार को बताया कि किसी ने यूपी डायल-112 पर सूचना दी कि प्रेम मंदिर में विस्फोटक है। जिस नंबर से कॉल आई थी अब वह बंद आ रहा है। मामला दर्ज कर सूचना देने वाले की तलाश तेज कर दी गई है। कई टीमें संदिग्ध व्यक्ति की तलाश में जुटी है।
महेश/दीपक/दिलीप
