Thursday, April 2, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमथुरा : कर्नाटक एक्सप्रेस को बम से उड़ाने की धमकी देने का...

मथुरा : कर्नाटक एक्सप्रेस को बम से उड़ाने की धमकी देने का आरोपित दिल्ली से गिरफ्तार

मथुरा जंक्शन पर कर्नाटक एक्सप्रेस की गहन छानबीन की गयी

कुछ न मिलने पर पुलिस ने ली राहत की सांस, किया आगरा रवाना

मथुरा(हि.स.)। नई दिल्ली से बेंगलरू जाने वाली कर्नाटक एक्सप्रेस को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले आरोपित को बीती रात दिल्ली पुलिस ने नशे की हालत में गिरफ्तार कर लिया। मथुरा जंक्शन पहुंची कर्नाटक एक्सप्रेस की जीआरपी और आरपीएफ सहित सिविल पुलिस ने गहन छानबीन की और ट्रेन में कुछ भी संदिग्ध नहीं पाए जाने के बाद ट्रेन को आगरा रवाना कर दिया गया। बुधवार सुबह से ही मथुरा जंक्शन और आगरा रेलवे स्टेशनों पर आरपीएफ व जीआरपी पुलिस दूसरी ट्रेनों की भी सघन जांच में जुटी है।

बीती रात वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ आगरा प्रकाश कुमार पंडा को कर्नाटक एक्सप्रेस को बम से उड़ाने की सूचना मिली थी।

कर्नाटक एक्सप्रेस 12628 को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले युवक को नई दिल्ली से आरपीएफ ने गिरफ्तार कर लिया। रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर उसने फोन कर ट्रेन को उड़ाने की धमकी दी थी।

अधिकारियों को रात नौ बजे सूचना मिली कि दिल्ली से बेंगलरू जाने वाली कर्नाटक एक्सप्रेस 12628 को बम से उड़ा दिया जाएगा। इस धमकी के मद्देनजर दिल्ली से मथुरा रात 10.08 बजे पहुंची कर्नाटक एक्सप्रेस की एसपी सिटी मार्तण्ड प्रताप सिंह एवं जीआरपी इंस्पेक्टर संजय खरबार व आरपीएफ इंस्पेक्टर अवधेश गोस्वामी तथा बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड ने सघन छानबीन की।

वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ आगरा प्रकाश कुमार पंडा ने बताया कि मंगलवार रात आरपीएफ हेल्पलाइन पर सत्या नामक युवक का फोन आया कि बेंगलुरु जाने वाली गाड़ी संख्या 12628 को बेंगलुरु पहुंचने से पहले उड़ा देगा। प्रभारी निरीक्षक आगरा छावनी सुरेंद्र सिंह चौधरी ने फोन करने वाले के मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस की, जो आसफ अली रोड, पुलिस भवन, नई दिल्ली के नजदीक मिली। सिविल पुलिस थाना चांदनी महल, तुर्कमान गेट एवं दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल से समन्वय स्थापित करते हुए घटना के संबंध में सूचित किया गया।

लोकेशन के आधार पर आरोपित व्यक्ति को अरूणा आसफ अली रोड पुलिस भवन के पास एक रैन बसेरा में नशे की हालत में पाया गया। पूछताछ के दौरान उसने धमकी भरा कॉल करना स्वीकार किया। युवक को गिरफ्तार कर नई दिल्ली जीआरपी थाने लाया गया।

महेश

RELATED ARTICLES

Most Popular