-अलीगढ़ के शराब कांड की पुनरावृत्ति हो सकती है अधिकारियों की लापरवाही से : कमिश्नर
मथुरा (हि.स.)। अलीगढ़ में जहरीली शराब से हुई घटना के बाद आगरा मंडल के उच्चाधिकारी शराब बीयर की दुकानों का निरीक्षण स्वयं करने के लिए सड़कों पर उतर आए हैं। मथुरा जिले में बुधवार को मंडलायुक्त (कमिश्नर) अमित गुप्ता, आगरा मंडल पुलिस महानिरीक्षक नवीन अरोड़ा ने जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के साथ नए बस स्टैण्ड से लेकर भूतेश्वर तक शराब-बीयर की दुकानों का निरीक्षण करते हुए अधीनस्थों से कहा अधिकारियों की जरा सी लापरवाही से अलीगढ़ के शराब कांड की पुनरावृत्ति हो सकती है।
बुधवार को मण्डलायुक्त अमित गुप्ता, आईजी नवीन अरोड़ा, जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 गौरव ग्रोवर सहित अन्य मजिस्ट्रेट तथा पुलिस अधिकारियों ने संयुक्त रूप से बस स्टैण्ड से लेकर भूतेश्वर तिराहे तक विभिन्न शराब के ठेकों का निरीक्षण किया। मण्डलायुक्त ने आबकारी अधिकारी को निर्देश दिये कि किसी भी स्तर पर अवैध शराब की बिक्री नहीं होनी चाहिए और इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।
मण्डलायुक्त ने वृन्दावन विकास प्राधिकरण में स्थित इन्टीग्रेट्रेड कोविड-19 कमाण्ड सेन्टर मथुरा का निरीक्षण किया और ऑक्सीजन ऑन व्हील्स योजना के बारे में जानकारी प्राप्त की। जिस पर मुख्य विकास अधिकारी डा. नितिन गौड़ ने जानकारी दी कि आज ही उक्त योजना के अन्तर्गत दो कॉल्स प्राप्त हुए हैं, जिनमें आरआरटी टीम को भेजकर जांच कराने के उपरांत उन्हें ऑक्सीजन सिलेण्डर उपलब्ध करा दिये गये हैं।
कमिश्नर अमित गुप्ता ने कलेक्ट्रेट सभागार में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के संबंध में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक लेते हुए निर्देश दिये कि रेलवे स्टेशनों तथा बस स्टैण्डों पर सवारियों की टेस्टिंग कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिये कि जो पुलिस कर्मी वैक्सीनेशन से वंछित रह गये हैं उनका तत्काल वैक्सीनेशन कराया जाये। उन्होंने पुलिस एवं मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिये कि बिना मास्क पहने हुए व्यक्तियों का चालान के साथ-साथ आम जनमानस को वैक्सीनेशन और कोरोना के प्रति जागरूक करें। इस बैठक में कमिश्नर ने कहा कि कोरोना के कारण जिन विकास कार्यों की गति रुकी हुई थी, अब उन्हें दोबारा से गति दी जाए।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 गौरव ग्रोवर, नगर आयुक्त अनुनय झा, मुख्य विकास अधिकारी डॉ0 नितिन गौड़, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ब्रजेश कुमार, नगर मजिस्ट्रेट जवाहर लाल श्रीवास्तव, सचिव एमवीडीए राजेश कुमार सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 रचना गुप्ता, उप जिलाधिकारी सदर क्रान्ति शेखर सिंह, डिप्टी कलेक्टर अजय कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।
