Tuesday, March 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमथुराः हुरंगा की मस्ती में डूबा दाऊजी मंदिर, हर कोई कोड़े खाने...

मथुराः हुरंगा की मस्ती में डूबा दाऊजी मंदिर, हर कोई कोड़े खाने को रहा बेताब

-हुरियारिनों ने दाऊजी को लगाया भांग का भोग, हुरियारों पर बरसाए कोड़े

मथुरा(हि.स.)। मथुरा जिले के नंदगांव, बरसाना और अन्य जगहों पर होली महोत्सव बसंत पंचमी से शुरू होकर लगातार 40 दिनों तक चलता है, लेकिन ग्राम बलदेव में यह 45 दिवसीय होता है। इसके तहत होली के बाद जगह-जगह हुरंगा के आयोजन होते हैं। शनिवार दोपहर शुरू हुए दाउजी के हुरंगा में गोपी स्वरूप हुरियारिनों ने जमकर कोड़े बरसाए तो बलदेव की छवि-छटा देवलोक सी दिखाई देने लगी। हुरंगा की मस्ती में पूरा दाऊजी मंदिर परिसर डूबा हुआ नजर आया और मंदिर के ऊपर सतरंगी घटा छा गई। दो घंटे लगातार चले हुरंगे में हर कोई बलदाऊजी के रंग में रगा दिखाई दिया।

ब्रजराज ठा.श्री दाऊजी महाराज का विश्व प्रसिद्ध हुरंगा दोपहर 12 बजे से प्रांरभ होकर 2 बजे तक चला। हुरंगा देखने के लिए भक्तों का सैलाब शनिवार सुबह से ही उमड़ने लगा था। दाऊ दादा के जयकारों से दाऊजी मंदिर परिसर गुंजायमान हो उठा। परंपरागत समाज गायन सुबह से किया जा रहा था। हुरियारिनों ने भांग घोट कर दाऊजी महाराज का भोग लगाया। मंदिर में श्रीकृष्ण-बलराम के स्वरूप सखियों के साथ विराजमान हो गए। मंदिर में रसिया गायन देश-दुनिया के श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर रहा था। नफीरी के स्वर वातावरण में मधुरता घोल रहे थे।

दोपहर 12 बजे के लगभग हुरियारे और हुरियारिनों ने रसिया गाते हुए मंदिर में प्रवेश किया। रसिया गायन में श्रद्धालु झूमने लगे। हुरियारिनें भी थिरकने लगीं। झंडा लेकर दाऊजी महाराज को आमंत्रित किया गया। बलराम कुमार होली खेले के स्वर के साथ हुरंगा शुरू हो गया। मंदिर में फूलों और अबीर गुलाल की बरसात शुरू हो गई। रंगों की बरसात होने लगी। बलदेव का आसमान सतरंगी हो गया। भंग की तरंग में हुरियारे झूमने लगे और हुरियारिनें उन पर टेसू के रंग बरसाने लगीं। हुरियारिनों ने हुरियारों के कपड़े फाड़कर कोड़ा बनाया और फिर हुरियारों पर ताबड़तोड़ बरसाने लगीं। टेसू के रंगों से मंदिर का आंगन भर गया। कोड़ामार होली से बलदेव का वातावरण हुरंगामय हो गया। ‘आ जइयो श्याम बलदेव, तेरे गुलचा चार लगाय दूंगी, होरी कौ मजा चखाय दूंगी’, मेरौ दाऊ बड़ौ मतवालौ, होरी में खेले हुरंगा।

बरसाना की लट्ठमार, गोकुल की छड़ीमार होरी के बाद बलदेव के हुरंगा के साथ ही ब्रज के होली महोत्सव ने शिखर को छू लिया। देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालु इस अद्भुत नजारे के साक्षी बने। गोपियों के कोड़ों की मार ने कृष्ण सखाओं को आनंदित किया।

इस दौरान विधायक राजेश चौधरी, मंडलायुक्त सुरेन्द्र सिंह सिकरवार, जिलाधिकारी नवनीत चहल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर, जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी सहित साधु-संतों ने इस अद्भुत हुरंगे का जमकर लुत्फ उठाया।

महेश

RELATED ARTICLES

Most Popular