विभागीय योजनाओं का व्यापक प्रचार प्रसार करें अधिकारी : जिलाधिकारी
संवाददाता
बलरामपुर। मत्स्य विभाग द्वारा संचालित प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजनान्तर्गत जनपद बलरामपुर की वर्ष 2021-22 हेतु मत्स्य विकास कार्ययोजना समिति से अनुमोदित कराने हेतु जिला स्तरीय समिति की बैठक का आयोजन जिलाधिकारी श्रीमती श्रुति की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी मत्स्य रेवती रमण ने बताया कि जनपद में विभिन्न परियोजनाओं हेतु कुल 118 लाभार्थियों का अनुमोदन किया गया। मत्स्य संपदा योजना के तहत जनपद में लगभग 10.50 करोड़ की कार्ययोजना अनुमोदित की गयी, जिसके सापेक्ष आगामी वर्ष में धनराशि रूपये लगभग 5 करोड अनुदान के रूप में व्यय होने की सम्भावना है। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा मत्स्य विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किए जाने का निर्देश दिया गया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अमनदीप डुली एवं समिति के अन्य सभी सदस्य उपस्थिति रहे। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी द्वारा प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजनान्तर्गत स्वंय सहायता समूह को लाभान्वित करने का निर्देश दिया जिसका मुख्य कार्यकारी अधिकारी मत्स्य रेवती रमण द्वारा अनुपालन किये जाने का आश्वासन दिया गया। बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी मत्स्य द्वारा समिति के समक्ष फिश फार्मर मोबाइल एप प्रारंभ करने की जानकारी दी गयी। बैठक में अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार शुक्ल, जिला विकास अधिकारी गिरीश चंद पाठक, उपायुक्त मनरेगा, सहायक निदेशक मत्स्य सुरेश कुमार व अन्य संबंधित अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।
