वाराणसी (हि.स.)। जिलाधिकारी कौशलराज शर्मा के आह्वान पर जिले में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए सामाजिक संगठन भी खुल कर आगे आ रहे हैं । सोमवार को सामाजिक संस्था लोक समिति, विश्व ज्योति जनसंचार समिति और आशा ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में जुटे कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदर्श गांव नागेपुर, हरसोस में मतदाता जन जागरूकता रैली निकाली । युवाओं ने रैली में जो पिलाये हमें शराब, समझो उनकी नीयत खराब, ना साड़ी ना नोट से, गांव बदलेगा सही वोट से, सारे काम छोड़ दो सबसे पहले वोट दो, मास्क और दो गज की दूरी, मतदान करना है जरूरी,साबुन से हाथ धोकर जायेंगे और मतदान करके आयेंगे आदि नारे लगाये। रैली के बाद प्रेरणा कला मंच के कलाकारों ने गांव में राजा नही सेवक चाहिये, गिरोहबन्द नुक्कड़ नाटक दिखाकर लोगों से आगामी विधान सभा चुनाव में सही,अच्छा और ईमानदार उम्मीदवार को वोट देने की अपील की।
नुक्कड़ सभा में कलाकारों ने लोगों ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद गांव में चुनाव को लेकर सरगर्मियां और गुटबाजी बढ़ रही है। बहुत सारे संभावित उम्मीदवार अभी से मतदाताओं को रिझाने की कोशिश कर रहे हैं। लोगों को दारू, मुर्गा, शराब पिला खिलाकर बहुत सारे प्रलोभन भी दे रहे हैं। प्रदेश के विकास के लिए सही और ईमानदार उम्मीदवार को वोट देना चाहिए। अगर एक बार हमने गलत प्रत्याशी को जिता दिया तो पांच साल हमें पछताना पड़ेगा। इस दौरान लोक समिति के संयोजक नन्दलाल मास्टर ने कहा कि मतदाता जागरूकता अभियान आराजी लाइन और सेवापुरी के पचास से अधिक गांवों में विधानसभा चुनाव सम्पन्न होने तक चलाया जाएगा। गांव के विकास के लिए सही प्रत्याशी चुनने के लिए मतदाताओं से अपील की जाएगी। कार्यक्रम में अनीता, श्यामसुन्दर, सुनील, सोनी, रामबचन, आशा, अजीत कुमार, रंजीत, संदीप, अजय पाल, गोविंदा, शशांक द्विवेदी आदि की भागीदारी रही।
श्रीधर
