– पत्रकारों व अधिकारियों से मतगणना को निष्पक्ष, स्वतंत्र व पारदर्शिता पूर्ण कराने की अपील
झांसी (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की संस्तुति से विधान सभा चुनाव की होने वाली मतगणना को झांसी के नामित प्रभारी जालौन के पूर्व विधायक शिवराम कुशवाहा ने कहा कि हम लोग मतगणना समाप्त होते ही सर्टिफिकेट प्राप्त किये बगैर नहीं जाएंगे। उन्होंने मतगणना को निष्पक्ष, स्वतंत्र व पारदर्शिता पूर्ण कराने में सहयोग को पत्रकारों व अधिकारियों से अपील की।
सपा के मतगणना प्रभारी ने कहा की भाजपा की वोट चोरी की रणनीति हर मोर्चे पर विफल बनायेंगे। उन्होंने कहा की प्रशासन में बैठे सच्चे अधिकारियों, सच्चे पुलिसकर्मी, सच्चे पत्रकार व किसान, नौजवान जिन्होंने बदलाव के लिए ईमानदारी से वोट दिया है वो आगे आएं और लोकतंत्र को बचाने का काम करें।
कहा कि समाजवादी पार्टी हर उस रास्ते को अपनाएगी जहां पर लोकतंत्र को बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि सुल्तानपुर, सोनभद्र, बरेली और बनारस में ईवीएम से संबंधित घटनाएं घटित हुई हैं, वो मतगणना के दिन बड़ी साजिश की तरफ इशारा कर रही हैं। ईवीएम खुलेआम जा रही है, बैलेट पेपर कूड़ेदान में मिल रहे हैं। इसके लिए चुनाव आयोग जिम्मेदार है। ये लोकतंत्र का आखिरी चुनाव है, इसके बाद आज़ादी की लड़ाई जैसी क्रांति करनी पड़ेगी। उन्होंने कहा की राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर हम लोग मतगणना समाप्त होते ही सर्टिफिकेट प्राप्त किये बगैर नहीं जाएंगे।
ईवीएम की गिनती समाप्त होने से पहले सभी डाकमतपत्रों की गिनती के लिए आरओ को कहा जायेगा। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा की बीजेपी की साजिश है मतपत्रों और ईवीएम से छेड़छाड़ कर लोकतंत्र को लूटने की, लेकिन इसको हमें विफल करना है। कहा कि स्ट्रांग रूम की तरफ जाने वाले हर एक व्यक्ति और गाड़ी को समाजवादी कार्यकर्ताओं द्वारा मतगणना शुरू होने तक चेक किया जाएगा। भाजपा की वोट चोरी करने की रणनीति को विफल कर लोकतंत्र की रक्षा करनी है।
उन्होंने कहा कि वोट बचाने के लिए हमें अखंड प्रहरी की तरह बैठना पड़ेगा। जब हमारे किसान बैठ सकते हैं तो यह तो 1 दिन की बात है । हम जैमर की मांग इसलिए कर रहे हैं क्योंकि आशंका है कि कहीं ना कहीं टेक्नालॉजी ऐसी है कि उसे फेरबदल किया जा सकता है। प्रभावित किया जा सकता है। आखिर ईवीएम के ट्रांसपोर्टेशन में चुनाव आयोग की गाइडलाइंस का पालन क्यों नहीं किया जा रहा है ? समाजवादी पार्टी के निर्देश पर हम मतगणना के लिए प्रभारी बनकर आए हैं और हमारी पार्टी के कार्यकर्ता दसों हजार की संख्या में मतगणना केंद्र के बाहर उपस्थित रहेंगे।
पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष महेश कश्यप, चारों विधानसभा के प्रत्याशी सहित पूर्व मंत्री अजय सूद, महानगर अध्यक्ष तनवीर आलम व सलमान पारीछा आदि मौजूद रहे।
महेश
