Thursday, February 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमण्डलायुक्त ने प्रयागराज में बनने वाले इनर रिंग रोड के प्रगति की...

मण्डलायुक्त ने प्रयागराज में बनने वाले इनर रिंग रोड के प्रगति की समीक्षा की

– मण्डलायुक्त ने प्रथम फेज के निर्माण को महाकुम्भ 2025 लक्ष्य में रखते हुए पूर्ण कराये जाने के दिये निर्देश

प्रयागराज (हि.स.)। मण्डलायुक्त संजय गोयल ने शुक्रवार को गांधी सभागार में प्रयागराज में बनने वाले इनर रिंग रोड के निर्माण के सम्बंध में की जा रही कार्रवाईयों के प्रगति की समीक्षा करते हुए रिंग रोड के प्रथम फेज में रीवा रोड से सहसों तक बनने वाले सड़क के निर्माण कार्य को महाकुम्भ-2025 को लक्ष्य में रखते हुए पूर्ण कराये जाने का निर्देश दिया है।

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, प्रयागराज के परियोजना निदेशक ए.के राय ने बताया कि रिंग रोड के निर्माण का कार्य दो फेज में कराया जायेगा। पहले फेज में रीवा रोड से सहसों तक तथा दूसरे फेज में रीवा रोड से कौड़िहार के कसारी गांव तक निर्माण कराया जायेगा। उन्होंने यह भी बताया कि प्रस्तावित इनर रिंग रोड की लम्बाई 65.66 किमी होगी तथा जिसकी कुल लागत 7030 करोड़ रूपये होगी। उन्होंने बताया कि इनर रिंग रोड के एलाइनमेंट का कार्य फाइनल हो गया है तथा भूमि अधिग्रहण का कार्य चल रहा है। इनर रिंग रोड के निर्माण में कुल 03 पुलों का भी निर्माण कार्य कराया जायेगा। जिसमें दो पुल गंगा नदी पर एवं एक पुल यमुना नदी पर बनेगा। इसके साथ ही साथ 06 रेलवे ओवरब्रिज भी बनाया जायेगा।

बैठक में मण्डलायुक्त ने भूमि अधिग्रहण के कार्य को शीघ्रता से पूर्ण कराये जाने तथा रेलवे, पीडब्लूडी एवं सम्बंधित विभागों से समन्वय स्थापित करते हुए सभी आवश्यक कार्यवाहियां समय से पूर्ण कराये जाने का निर्देश दिया है। उन्होंने यह भी कहा है कि इनर रिंग रोड के निर्माण कार्य में यदि कोई समस्या होती है, तो संज्ञान में लाते हुए उसका निराकरण कराना सुनिश्चित करायें। मण्डलायुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को इनर रिंग रोड के प्रथम फेज के कार्य को महाकुम्भ-2025 को लक्ष्य में रखते हुए पूर्ण कराये जाने के लिए कहा है। इस अवसर पर अपर आयुक्त, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण प्रयागराज के परियोजना निदेशक, पीडब्लूडी के अधिकारीगणों के अलावा अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular