Friday, March 6, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमणिपुर में मानवता हो रही शर्मसार, जवाब दे सरकार : अमिताभ वाजपेयी

मणिपुर में मानवता हो रही शर्मसार, जवाब दे सरकार : अमिताभ वाजपेयी

– विपक्षी दलों के नेताओं ने सरकार के खिलाफ दिया धरना

कानपुर(हि.स.)। पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर को लेकर विपक्षी गठबंधन सरकार को जहां सदन में घेरने की कोशिश कर रहा है तो वहीं जनता के बीच भी मुद्दे को ला रहा है। इसी के तहत शनिवार को संयुक्त विपक्षी मोर्चा के बैनर तले धरना प्रदर्शन किया गया। इस दौरान सपा विधायक अमिताभ वाजपेयी ने कहा कि मणिपुर में हो रही घटनाएं मानवता को शर्मसार कर रही हैं और सरकार को जवाब देना चाहिये।

मणिपुर में हुई हिंसा और नरसंहार मामले को लेकर के संयुक्त विपक्षी मोर्चा ने अब भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कानपुर में सभी विपक्षी दलों के अध्यक्षों के साथ कानपुर के नानाराव पार्क में लगी अंबेडकर प्रतिमा पर विशाल धरना-प्रदर्शन किया गया। सभी दलों के लोगों ने मणिपुर हिंसा को लेकर भाजपा को जिम्मेदार ठहराते हुए प्रधानमंत्री के इस्तीफे की मांग की है।

संयुक्त विपक्षी मोर्चा के वक्ताओं ने मणिपुर हिंसा पर कहा कि यह मानवता को शर्मसार करने वाली घृणित घटना घटित हुई है। मणिपुर हिंसा की निंदा करते हुए संयुक्त विपक्षी मोर्चा के नेता गणों ने भारत सरकार की जवाबदेही सुनिश्चित करते हुए मांग की है कि मणिपुर में सरकार को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर राष्ट्रपति शासन लगाया जाए।

साथ ही उन्होंने मांग की है कि उच्च न्यायालय के न्यायाधीश की अध्यक्षता में एक कमेटी बनाई जाए जो कि मणिपुर नरसंहार की निष्पक्ष जांच करे। इस दौरान सपा, कांग्रेस, रालोद, जेडीयू और वामपंथ से जुड़े राजनीतिक दल के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

महमूद/सियाराम

RELATED ARTICLES

Most Popular