Monday, April 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेश मजबूत स्वास्थ्य सुविधाओं से मृत्यु दर में कमी : मुख्यमंत्री योगी

 मजबूत स्वास्थ्य सुविधाओं से मृत्यु दर में कमी : मुख्यमंत्री योगी

– जंगल कौड़िया से दो सीएचसी में पीकू का उद्घाटन

– अच्छी स्वास्थ्य सुविधाओं पर हर नागरिक का अधिकार : योगी

गोरखपुर (हि.स.)। बाल स्वास्थ्य सुविधाओं की प्रगति में गोरखपुर ने सोमवार को एक और कदम आगे बढ़ा दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जंगल कौड़िया स्थित सीएचसी और चरगांवा (खुटहन) सीएचसी पर नवनिर्मित पीकू (पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट) का उद्घाटन किया। इनका निर्माण हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड ने कॉरपोरेट एनवायरनमेंट रिस्पांसबिलिटी (सीईआर) फंड से कराया है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में मजबूत हो रही स्वास्थ्य सुविधाओं से मृत्यु दर में तेजी से कमी आ रही है।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अच्छी स्वास्थ्य सुविधाओं पर हर एक नागरिक का अधिकार है। सरकार तो इसके लिए सतत प्रयास कर ही रही है। इसका लाभ जनता को बड़े पैमाने पर मिल रहा है। हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड (हर्ल) की तरफ से पूर्ण हुए दो पीडियाट्रिक आईसीयू से जंगल कौड़िया और चरगांवा की ढाई-ढाई लाख यानी कुल पांच लाख की आबादी को लाभ मिलेगा। स्वास्थ्य सुविधाएं जितनी मजबूत होंगी, शिशु-मातृ व अन्य मृत्यु दर उतना ही नियंत्रित होगा।

इंसेफेलाइटिस मौतों पर 96 प्रतिशत नियंत्रण

मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय तक पूर्वी उत्तर प्रदेश मस्तिष्क ज्वर (इंसेफेलाइटिस) की चपेट में रहा। 1977-78 से लेकर 2017-18 तक 40 सालों में 50 हजार बच्चे इसकी वजह से असमय काल कवलित हुए। यह समय पर उपचार न मिलने से हुआ। स्वास्थ्य सुविधाओं में वृद्धि होने पर ही इसे नियंत्रित किया जा सका। अब इंसेफेलाइटिस से होने वाली मौतों पर 96 फीसद तक नियंत्रण पा लिया गया है।

उपचार से अधिक बचाव पर देना होगा ध्यान

मुख्यमंत्री ने कहा इंसेफेलाइटिस को लेकर हमें सतर्कता बरतनी होगी। उपचार से अधिक बचाव पर ध्यान देना होगा। स्वच्छता, शुद्ध पेयजल, शौचालय के प्रयोग, सफाई, छिड़काव, टीकाकरण आदि को लेकर हमेशा जागरूक रहना होगा। स्वास्थ्य सुविधाओं को भी लगातार मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले 36 जिलों में एक भी आईसीयू बेड नहीं थे। आज उत्तर प्रदेश में सात हजार आईसीयू बेड सिर्फ बच्चों के लिए हैं।

अब खाद की किल्लत नहीं

योगी ने कहा कि हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड (हर्ल) ने खाद का उत्पादन प्रारंभ किया है। यह कारखाना कम जगह में पहले से ज्यादा क्षमता पर उत्पादन कर रहा है। हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड 100 फीसद से अधिक उत्पादन दे रहा है। इससे अब खाद की कोई किल्लत नहीं रह गई है।

सामाजिक प्रतिबद्धताओं को आगे बढ़ा रहा है हर्ल

मुख्यमंत्री योगी ने पीकू निर्माण के लिए हर्ल को धन्यवाद दिया और कहा कि खाद उत्पादन के साथ ही यह अपनी सामाजिक प्रतिबद्धताओं को आगे बढ़ा रहा है। हर्ल ने शिक्षा, स्किल डेवलपमेंट और स्वास्थ्य के कार्यक्रमों को लेकर कई पहल शुरू किए हैं। इसकी तरफ से 17 स्वास्थ्य केंद्रों में पीडियाट्रिक आईसीयू बनाने की कार्यवाही शुरू की गई है। दो का निर्माण पूर्ण हो गया है। सीएम ने विश्वास जताया कि शेष 15 स्वास्थ्य केंद्रों पर पीडियाट्रिक आईसीयू का निर्माण अगले तीन महीने में पूरा हो जाएगा।

डा. आमोदकांत/दिलीप

RELATED ARTICLES

Most Popular