– ससुराल से आकर पिता के साथ रह रही थी पुत्री
– सोशल मीडिया में मारपीट का वीडियो हो रहा वायरल
हमीरपुर(हि.स.)। ललपुरा थाना क्षेत्र के नदेहरा गांव में मकान में कब्जा करने के लिए विवाहिता पुत्री ने वृद्ध पिता को जमकर मारा पीटा और घर से बाहर धकेल दिया। गांव वालों के आने पर बेटी, दामाद व उसका पुत्र उसे धमकी देकर चले गए। पीड़ित ने उच्च अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है। गुरुवार को इस पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया में भी जमकर वायरल हो रहा है।
ललपुरा थानाक्षेत्र के नदेहरा गांव निवासी रफीक के दो पुत्र गुड्डू व शकील कानपुर में रहते है। पुत्री नूरबानो की शादी कुरारा थानाक्षेत्र के झलोखर गांव में हुई थी। पीड़ित रफीक ने बताया कि काम धंधा न चलने पर करीब 10 वर्ष पूर्व नूरबानो परिवार सहित उसके पास इस शर्त के साथ मकान में आकर रहने लगी कि जब उसका मकान बन जायेगा तो वह मकान खाली कर देगी। वर्तमान में रफीक का छोटा पुत्र शकील वृद्ध पिता की देखभाल के लिए कानपुर से गांव रहने के लिए आया। लेकिन नूरबानो ने भाई को घर मे घुसने नहीं दिया। जिस पर ग्रामीणों ने पंचायत कर पुत्र को पिता के साथ रहने के लिए दबाव बनाया। तब कहीं जाकर भाई घर मे जा सका। जब पिता ने विवाहित पुत्री को मकान खाली करने को कहा तो वह कब्जा करने के लिए अड़ गई और पिता के विरोध जताने पर पुत्री ने अपने पति और पुत्र के साथ मिलकर वृद्ध पिता को जमकर मारा पीटा।
जिसका किसी ने मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। जिससे हड़कंप मच गया। रफीक ने बताया कि वह कई दिन पूर्व ललपुरा थानाध्यक्ष को प्रार्थना पत्र देकर मकान से कब्जा हटवाने की मांग की थी। लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़ित ने बताया कि पुत्री दामाद व उसके पुत्र ने उसे जमकर मारा पीटा जिससे उसके अंदरूनी गंभीर चोटें आई है। लेकिन गांव के जसवंत सिंह सहित अन्य लोगों के ललकारने पर आरोपी जबरन कब्जे करने की धमकी देकर चले गए।
सोशल मीडिया में वृद्ध पिता के मारपीट का वीडियो वायरल होने पर पुत्री को जमकर कोस रहे है। वहीं, वृद्ध न्याय की गुहार लगा रहा है। ललपुरा थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश यादव ने दोनों पक्षों के खिलाफ शांतिभंग की कार्यवाही पहले की जा चुकी है। मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है।
