CCTV surveillance everywhere at the counting site
मऊ (हि.स.)। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2022 के अंतर्गत 10 मार्च सुबह आठ बजे से मतगणना प्रारम्भ हो जाएगा। इसके दृष्टिगत जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। मुख्य गेट के अलावा मतगणना हालों एवं मतगणना स्थल के हर कोने पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिससे लोगों पर कड़ी नजर रखी जा सके।
यह जानकारी देते हुए बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि विधानसभावार चार मतगणना हाल बनाये गए हैं, जिनमें प्रत्येक विधानसभा में 14-14 काउन्टर बनाये गए हैं। मतगणना स्थल पर सुरक्षा बलों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के दृष्टिगत मतगणना स्थल के प्रत्येक गेट पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है, जिससे कोई भी अनाधिकृत व्यक्ति मतगणना स्थल में प्रवेश नहीं कर सकेगा।
उन्होंने बताया कि प्रत्याशियों व एजेंटों की गाड़ियों के पार्किंग की व्यवस्था बलिया रोड पर एवं मतगणना कार्मिकों के लिए गेट नम्बर एक के सामने स्थित प्राथमिक विद्यालय के परिसर के अंदर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। मतगणना स्थल पर प्रवेश के लिए मीडिया एवं प्रत्याशियों व एजेंटों के लिए गेट नंबर तीन का चयन किया गया है। ये लोग गेट नंबर तीन से ही अंदर प्रवेश कर सकेंगे। गेट नंबर तीन के सामने ही मीडिया सेंटर की स्थापना की गई है, जहां उनके बैठने एवं सजीव प्रसारण देखने के लिए एलईडी की व्यवस्था की गई है।
सभी अधिकारी व मतगणना कर्मी मतगणना स्थल पर गेट नंबर 2 से प्रवेश कर सकेंगे। मुख्य गेट के अलावा विधानसभा वार हालों में भी लाउड स्पीकर की व्यवस्था की गई है। जिससे सूचनाओं का प्रसार किया जा सके। विधानसभा वार मतगणना हालों के प्रत्येक टेबल पर प्रत्याशी के सिर्फ एक एजेंट ही उपस्थित रह सकेंगे। मतगणना कार्य में लगे कर्मिकों का तृतीय रेंडमाइजेशन मतगणना शुरू होने के पूर्व ही की जाएगी। इस दौरान समस्त सामान्य प्रेक्षक भी उपस्थित रहेंगे। तृतीय रेण्डमाईजेशन के उपरांत मतगणना कार्य में लगे कर्मियों के टेबल का निर्धारण किया जाएगा।
बताया कि मतगणना कर्मी सुबह छह बजे अपने निर्धारित टेबल पर उपस्थित हो जाएंगे, जिससे समय से मतगणना प्रारंभ हो सके। मतगणना कार्य से जुड़े लोगों के अलावा अन्य लोग के लिए मतगणना स्थल से 200 मीटर की दूरी प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित है, अनाधिकृत लोगों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित है।
वेद
