Thursday, March 26, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमऊ को जो बनाए अपराध व आतंक की धरती, वह आज हैं...

मऊ को जो बनाए अपराध व आतंक की धरती, वह आज हैं व्हीलचेयर पर : योगी आदित्यनाथ

-बुआ और बबुआ की पार्टी ने ऋषि-मुनियों की तपोभूमि को बनाया था कर्फ्यू की भूमि : योगी आदित्यनाथ

-आपका समर्थन मऊ के विकास की लिखेगा नई इबारत : योगी

मऊ (हि.स.) जिन लोगों ने मऊ की कानून व्यवस्था को व्हीलचेयर पर बैठा दिया था, आज हमने उन्हें व्हीलचेयर(मुख्तार अंसारी) पर बैठने को विवश कर दिया है। मऊ की यह क्रांतिकारी धरती ऋषि-मुनियों की तपोभूमि रही है। पंडित श्याम नारायण पाण्डेय के साथ ही माता तमसा की पवित्र नगरी को कुछ लोगों ने अपराध व आतंक की भूमि बना दिया था। इसकी पहचान ऋषि-मुनियों की तपोभूमि के स्थान पर कर्फ्यू नगरी के रूप में होने लगी थी। जिसे आज हमने पुनः विकास के मार्ग पर ला दिया है। नगर निकाय के चुनाव में आप द्वारा भाजपा को दिया गया समर्थन विकास की नई इबारत लिखेगा।

यह बातें प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को नगर के सोनीधापा मैदान में नगर निकाय चुनाव के लिए आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कही।

बुआ और बबुआ की पार्टी ने मऊ की क्रांति भूमि को बनाया था कर्फ्यू भूमि

योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहाकि स्वामी सहजानंद सरस्वती, विकास पुरुष कल्पनाथ राय की प्रगतिशील सोच वाली इस पवित्र भूमि की पहचान इसकी सांस्कृतिक व धार्मिक गतिविधियों से होती रही है। लेकिन बीच के कालखंड में इस जनपद की पहचान को बदलकर बुआ(मायावती) और बबुआ(अखिलेश) की पार्टी ने इस क्रांति भूमि को कर्फ्यू भूमि बना दिया था। स्थिति यह हो गई कि कुछ लोगों को अराजकता पैदा करने का लाइसेंस बांट दिया गया। इससे बड़ी विडंबना क्या होगी कि इस नगर में पवित्र सांस्कृतिक धार्मिक गतिविधि रामलीला को प्रतिबंधित कर दिया गया। रामलीला बीच में ही रोक दिया गया। कुल मिलाकर यह जनपद अपनी पहचान का मोहताज हो गया। लेकिन आप सभी द्वारा प्रदेश में और केंद्र में हमारी सरकार बनाकर यह स्थिति बना दिए की जो लोग कानून व्यवस्था को व्हीलचेयर पर लाए थे, आज खुद ह्वील चेयर पर बैठ गए हैं।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि बुआ-बबुआ(बसपा-सपा) की सरकार में भ्रष्ट और माफिया अपराधियों को अपना संरक्षण देकर अराजकता फैलाने का लाइसेंस दे दिया गया। युवाओं के हाथ में तमंचा देकर उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जाता। वही हमारी सरकार में हमने युवाओं के हाथ में टेबलेट देने का काम किया।

उन्होंने कहाकि मेरे सहयोगी एके शर्मा की जन्म स्थली यह मऊ है जो आज दो-दो महत्वपूर्ण मंत्रालय का भार लेकर चल रहे हैं। ऊर्जा मंत्री के साथ ही नगर विकास मंत्री भी हैं। नगर विकास के बाबत एके शर्मा के माध्यम से किसी भी प्रकार धन की कमी नहीं होगी। ऐसे में आपको अपनी सरकार बनाने का अवसर है। निश्चित रूप से नगर निकाय चुनाव में सभी भाजपा प्रत्याशियों की जीत आपके नगरों का भविष्य तय करेगा।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2014 में केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद केवल देश प्रदेश की स्थिति ही नहीं बदली बल्कि पूरे वैश्विक मंच पर भारत का सम्मान बढ़ा है। जबकि 2014 के पूर्व वैश्विक मंच पर भारत की स्थिति बहुत बदतर थी। आज दुनिया में किसी भी संकट के समय संकटमोचन के रूप में नरेंद्र मोदी को देखा जाता है। वैश्विक कार्यक्रम जी-20 से लेकर सभी प्रकार की आपदा विपदा व कार्यक्रमों में समूचा विश्व हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से ही उम्मीद लगाता है। यह माद्दा केवल मोदी के पास है जो सभी संकटों का निदान करते हैं।

उन्होंने कहाकि आज मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि जो कानून व्यवस्था ठेके पर चल रही थी, आतंक गंदगी व अपराध का साम्राज्य था। युवाओं के हाथ में तमंचा व व्यापारियों से वसूली होती थी। वहीं आज कहीं से कोई व्यापारी नहीं कह सकता कि उससे वसूली होती है। आज शोलो का आतंक नहीं, चोरों की सीटी नहीं बल्कि सेव सिटी व स्मार्ट सिटी की स्थापना हो रही है।

उन्होंने कहाकि दो करोड़ युवाओं के हाथ में हमने तमंचा नहीं, टेबलेट दिया है। इन टेबलेट के माध्यम से आगामी समय में जो 35 लाख करोड़ का निवेश उत्तर प्रदेश में होगा, इन्हीं टेबलेट के माध्यम से एक करोड़ युवाओं को नौकरी के लिए ट्रेनिंग दी जा रही है। टेबलेट लेकर स्वयं प्रशिक्षित हो रहे हैं। ऐसे में टबलेट वितरण के दूरगामी परिणाम सामने आएंगे।

इसके पूर्व नगर विकास मंत्री उर्जा मंत्री एके शर्मा ने मंच से कहा कि नगर के पास यूपी स्टेट की बंद पड़ी स्पिनिंग मिल परदहा की 85 एकड़ जमीन पर इंडस्ट्रियल एरिया की मंजूरी दे दी गई है। शीघ्र ही वहां इंडस्ट्रियल कॉरिडोर औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना हो जाएगी। जिससे पुनः मऊ एक औद्योगिक नगरी के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर सकेगा।

नगर विकास मंत्री ने मंच से कहा मैं योगी का सिपाही हूँ। मैं किसी भी नगर में जाता हूँ तो मेरी नजर वहां की गंदगी हटाने व विकास करने पर रहता है। जबकि विरोधियों की नजर खाली प्लाट पर रहती है, जिससे उनके द्वारा कब्जा किया जा सके। मऊ की नगर पर पिछले 25 वर्षों से भ्रष्टाचारियों का कब्जा रहा है। जिसे हटाने के लिए आप सभी के समर्थन की दरकार है।

मुख्यमंत्री का मंच से जिलाध्यक्ष प्रवीण गुप्ता व प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने संबोधन कर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन घोसी लोकसभा प्रभारी देवेंद्र सिंह ने किया। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद मऊ चेयरमैन प्रत्याशी अजय कुमार, नगर पंचायत दोहरिघाट विनय जायसवाल सहित सभी प्रत्याशी वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। कल तुमको पूर्व सांसद हरिनारायण राजभर, पूर्व मंत्री श्रीराम सोनकर, विधायक विजय राजभर, अखिलेश तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय, उत्पल राय व बजरंगी सिंह बज्जू इत्यादि ने भी संबोधित किया।

वेद नारायण/राजेश तिवारी

RELATED ARTICLES

Most Popular