मेरठ (हि.स.)। सरधना के भाजपा विधायक संगीत सोम ने कहा कि प्रदेश में लोग सीजनल हिन्दू बन रहे हैं। अखिलेश यादव कह रहे हैं कि भगवान विश्वकर्मा का मंदिर बनाएंगे। जिन्होंने अयोध्या में रामभक्तों पर गोलियां चलवाई और बनारस में साधुओं पर लाठी चलवाई। विधायक ने कहा कि अखिलेश मंदिर बनाने की बात कह रहे हैं। अगर हिम्मत है तो कहे कि मथुरा में मंदिर तोड़कर जो मस्जिद बनाई है, हम वहां मंदिर बनाएंगे। जिन स्थानों पर मंदिर तोड़कर मस्जिद बनाने वाली जगहों पर भाजपा फिर से मंदिर बनाएगी।
प्रदेश सरकार के साढ़े चार साल पूरे होने पर मंगलवार को सरधना विधायक संगीत सोम ने प्रेस वार्ता करके विकास कार्यों को गिनाया। विधायक ने कहा कि सरधना क्षेत्र में भाजपा सरकार ने जीने का माहौल दिया है। गुंडागर्दी खत्म करके हमने लोगों को एक भरोसा दिया है कि आप सरधना व उप्र में सुरक्षित है। सपा की जब सरकार थी तो कोई भैंसा-बुग्गी लेकर जाता था तो बुग्गी खाली जानी पड़ती थी, क्योंकि भैसा लुटेरे लूटकर ले जाते थे। सरधना कस्बे में सपा सरकार में दो युवाओं की हत्या इसलिए कर दी गई थी कि उनकी बहन-बेटी के साथ छेड़छाड़ हुई थी। आज सरधना में भयमुक्त माहौल है। कोई गुडा गुंडागर्दी करने की हिम्मत नहीं करता था। आज मेरठ से दिल्ली 40 मिनट में जा रहे हैं।
संगीत सोम ने कहा कि योगी सरकार ने अराजकता का माहौल खत्म करने का काम किया है। भाजपा 350 सीटों के साथ फिर से बहुमत हासिल करेगी। इस बार सरधना सीट से भाजपा 50 हजार से ज्यादा वोटों से चुनाव जीतेगी। संगीत सोम ने कहा कि लोग सीजनल हिन्दू बन रहे है। ताज्जुब की बात है कि अखिलेश यादव कह रहे हैं कि भगवान विश्वकर्मा का मंदिर बनाएंगे। जिन्होंने रामभक्तों पर गोली चलवाई। बनारस में साधुओं पर लाठी चलवाई। वे लोग हरिद्वार में जाकर संतों से माफी मांग रहे हैं कि हमारे कुकर्मों के लिए माफ कर दो। लेकिन जनता उन्हें माफ नहीं करेगी। अखिलेश मंदिर की बात कह रहे हैं। अखिलेश कहे कि मथुरा में जहां मंदिर तोड़कर मस्जिद बनाई है, उसे हम बनाएंगे। कहकर दिखाए। भाजपा कहती है कि जितने मंदिर तोड़कर मस्जिद बनाई गई। धीरे-धीरे हम फिर से मंदिर बनाएंगे। भारत में सभी हिन्दू है। यहां के मुसलमान भी हिन्दू है। हिन्दुस्तान हिन्दुओं का है। हिन्दुओं का ही है।
