Sunday, February 15, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमंत्री नन्दी की कलाई पर सैकड़ों बहनों ने बांधी नेह की डोर

मंत्री नन्दी की कलाई पर सैकड़ों बहनों ने बांधी नेह की डोर

प्रयागराज (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने आज भाई बहन के परस्पर स्नेह का पर्व रक्षाबंधन बहुत ही खास अंदाज में मनाया। नन्दी द्वारा साउथ मलाका रामबाग स्थित प्रयाग संगीत समिति परिसर में रक्षाबंधन उत्सव का आयोजन किया गया। जहां शहर दक्षिणी विधानसभा एवं विभिन्न क्षेत्रों से आई सैकड़ों बहनों ने नन्दी के हाथों में राखी बांधकर अपना स्नेहिल आशीर्वाद दिया।

गुरूवार को रक्षाबंधन पर बहनों के स्वागत एवं अभिनंदन के लिए प्रयाग संगीत समिति परिसर को सजाया गया था। जहां नन्दी ने एक-एक बहन से मुलाकात की। बहनों ने तिलक लगाकर नन्दी के कलाई में राखी बांधी और मिठाई खिलाई। नन्दी ने भी बहनों को उपहार दिया। वहीं हर संभव मदद का वादा किया।

इस अवसर पर नन्दी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार में कानून का राज है। जहां गुंडों, माफियाओं के लिए कोई जगह नहीं हैं। आज घर से निकलने के बाद बहन बेटियां खुद को सुरक्षित महसूस करती हैं। गुंडों, बदमाशों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है। ताकि बहनें बिना किसी डर के घर के बाहर निकल सकें।

महिलाओं का कहना था कि नन्दी बेहद सरल और जमीन से जुड़े एक ऐसे व्यक्ति हैं जिनको सभी वर्ग के लोग की कद्र है। कुछ महिलाएं तो ऐसी थी जो नंदी को कई सालों से राखी बांधती आ रही हैं। उधर नंदी ने भी सभी महिलाओं को आश्वासन दिया कि उनको किसी तरह की समस्या नहीं होगी। वह एक भाई की तरह फर्ज निभाएंगे। तकरीबन 2 घंटे तक चले इस कार्यक्रम में शहर के अलग-अलग मोहल्लों से आई लगभग 900 बहनों ने राखी बांधी।

-56 महिला पुलिस अधिकारियों और आरक्षी बहनों ने बांधी राखी

तत्पश्चात् मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने प्रयागराज पुलिस लाइन में अनूठे अंदाज़ में रक्षाबंधन का त्यौहार मनाया।. उन्होंने पुलिस लाइंस सभागार में जाकर महिला पुलिस अधिकारियों और सिपाहियों से राखी बंधवाई। रक्षाबंधन के त्यौहार पर इन महिला सिपाहियों को घर और भाइयों की कमी न महसूस हो, इसीलिये मंत्री नन्दी खुद पुलिस लाइंस गए और राखी बंधवाई।

महिला सिपाहियों ने इस मौके पर नन्दी की आरती कर उन्हें टीका और अक्षत लगाया और इसके बाद राखी बांधकर आशीर्वाद लिया। मंत्री ने रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उपहार दिया। मंत्री को राखी बांधकर महिला सिपाहियों के चेहरे पर खुशी झलक रही थी।

विद्या कान्त/पदुम नारायण

RELATED ARTICLES

Most Popular