– आवास से खुद गाड़ी चलाकर निदेशालय पहुंचे थे मंत्री, नदारद मिले अधिकारियों व कर्मियों का एक दिन का वेतन काटने के दिए आदेश
लखनऊ(हि.स.)। योगी सरकार में मत्स्य विभाग के कैबिनेट मंत्री डॉ संजय कुमार निषाद शुक्रवार सुबह करीब 09:15 बजे अपने सरकारी आवास विक्रमादित्य मार्ग से स्वयं गाड़ी चलाकर बिना किसी प्रोटोकॉल के मत्स्य निदेशालय का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। मंत्री के औचक निरीक्षण के दौरान निदेशालय में एक-दो कर्मचारियों के साथ केवल सफाईकर्मी मौजूद थे। उन्होंने एक-एक कर सभी विभागीय कक्षों में जाकर देखा कि तो विभागीय अधिकारियों द्वारा समय पूर्ण होने पर भी लापरवाही की जा रही है।
श्री निषाद ने निदेशालय के खस्ताहाल स्थिति पर भी रोष व्यक्त करते हुए कहा कि शायद ही प्रदेश सरकार में कोई विभाग का निदेशालय इतना जर्जर और खस्ताहाल होगा। उन्होंने तत्काल कुछ देर बाद मौके पर पहुंचे उपनिदेशक मत्स्य (मुख्यालय) को निदेशालय के खस्ताहाल की रिपोर्ट तैयार कर एक हफ्ते के भीतर पेश करने का आदेश दिया। उन्होंने उपस्थित स्टॉफ कर्मियों से उपस्थिति रजिस्टर मंगवाए और अटेंडेंस चेक किए। उपस्थिति रजिस्टर में कर्मियों द्वारा अटेंडेंस पूरी न होने पर उन्होंने चेतावनी दी।
मंत्री डॉ संजय निषाद ने एसीएस मत्स्य रजनीश दुबे को फोन पर वार्ता कर औचक निरीक्षण पर पाई गई खामियों की विस्तृत रिपोर्ट मांगी। साथ ही अनुपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक कार्रवाई के साथ “एक दिन का वेतन आहरण न करने ” तथा कारण बताओ नोटिस अथवा स्पष्टीकरण के साथ कड़ी कार्रवाई के भी निर्देश दिये।
मोहित वर्मा
