गाजियाबाद (हि.स.)। आवास विकास परिषद द्वारा अधिग्रहीत की गई भूमि का मुआवजा अन्य मांगों को लेकर जिंदा समाधि लेकर आंदोलन कर रहे मंडोला के किसान डटे हुए है। शुक्रवार को उनके बीच प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल यादव पहुंचे। उन्होंने किसानों को अपना समर्थन देने की घोषणा की और सांकेतिक समाधि पर बैठे किसानों के साथ कुछ देर के लिए बैठे।
मंडोला पहुंचे प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि मौजूदा सरकार किसानों का जमकर उत्पीड़न कर रही है। जो कृषि कानून बनाए गए हैं। वह किसान विरोधी हैं। कोई प्रशासनिक अधिकारी सुनने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि आंदोलनकारी किसानों को उनकी पार्टी का पूर्ण समर्थन है।
भारतीय जनता पार्टी का कार्यकाल जन विरोधी खासतौर से किसान विरोधी है। यदि प्रदेश में हमारी पार्टी की सरकार बनती है। तो निश्चित तौर पर किसान हित में कार्य किया जाएगा। समाजवादी पार्टी की सरकार में किसान खुशहाल था और अब सड़क पर आकर अपने हक की लड़ाई के लिए धरना प्रदर्शन करने को मजबूर है।
आवास विकास परिषद द्वारा अधिग्रहीत की गई भूमि का मुआवजा अन्य मांगों को लेकर मंडोला समेत छह गांवों के किसान पिछले पांच साल से लगातार आंदोलन कर रहे हैं। कोई सुनवाई नहीं होने पर 15 सितम्बर से किसान सांकेतिक समाधि पर बैठे हुए हैं। किसानों का आरोप है कि किसान अपनी उचित मांग को लेकर सत्याग्रह आंदोलन कर रहे हैं। इसके बावजूद प्रशासनिक अधिकारी इस आंदोलन को कुचलने का प्रयास कर रहे हैं और इनकी बात पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। किसानों का कहना है कि वह अपनी मांग पर अडिग हैं और आंदोलन जारी रहेगा।
