Tuesday, April 7, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमंडी शुल्क व फुटवियर पर जीएसटी बढ़ोत्तरी के विरुद्ध पदयात्रा सत्याग्रह

मंडी शुल्क व फुटवियर पर जीएसटी बढ़ोत्तरी के विरुद्ध पदयात्रा सत्याग्रह

कानपुर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में पिछले वर्ष 10 दिसम्बर से पुनः मण्डी शुल्क लागू कर दिया गया। इसके साथ ही एक जनवरी से फुटवियर पर जीएसटी बढ़ा दी गई है। इससे नाराज व्यापारियों ने केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ पदयात्रा सत्याग्रह करते हुए मण्डी शुल्क समाप्त करने व फुटवियर पर जीएसटी बढ़ोत्तरी के निर्णय को वापस लेने की मांग की गई।

समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश महासचिव अभिमन्यु गुप्ता, महानगर अध्यक्ष मनोज चौरसिया व सपा नेता प्रदीप तिवारी के नेतृत्व में काफी तादाद में एकत्रित व्यापारियों ने मास्क पहन कर बर्रा आठ सब्जी मंडी में पदयात्रा सत्याग्रह किया। पदयात्रा की समाप्ति पर समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश महासचिव अभिमन्यु गुप्ता ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने जीएसटी लागू करते समय वन नेशन वन टैक्स का वादा किया पर अभी तक मंडी शुल्क को समाप्त नहीं किया। बगल के प्रान्त बिहार में मण्डी शुल्क नहीं है, जिससे सीमा पर कालाबाजारी को बल मिल रहा है और हमारी स्थानीय मंडियों पर खराब असर पड़ रहा है। वहीं इस भयंकर मंदी के दौर में भी फुटवियर जैसे की जूते, चप्पल पर जीएसटी पांच की जगह 12 करके हजारों कारखानों को बंदी की कगार पर ला दिया है। नोट बन्दी, जटिल जीएसटी, अनियोजित लॉक डाउन से बर्बाद व्यापार और व्यापारियों पर यह कोढ़ में खाज हो जायेगा।

कानपुर महानगर अध्यक्ष मनोज चौरसिया ने कहा कि व्यापारी हित में समाजवादी व्यापार सभा लगातार केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ संविधानिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करती रहेगी। प्रदीप तिवारी ने व्यापार एवं व्यापारी हित में भाजपा की डबल इंजन की सरकार से मण्डी शुल्क को तत्काल वापस व फुटवियर पर जीएसटी कम करने की मांग करते हैं। इस दौरान कृपा शंकर त्रिवेदी, दीपा यादव, जीतेन्द्र जायसवाल, अश्वनी निगम, बृजेन्द्र यादव, ओम प्रकाश चौटाला, मो. इरशाद आदि मौजूद रहें।

अजय

RELATED ARTICLES

Most Popular