Saturday, March 7, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमंडी चौकी इंचार्ज और सिपाही के निलंबन की मांग पर अड़े भाजपा...

मंडी चौकी इंचार्ज और सिपाही के निलंबन की मांग पर अड़े भाजपा कार्यकर्ता

सीतापुर(हि.स.)। शहर की मंडी चौकी में तैनात पुलिसकर्मियों व भाजपा नगर दो के कार्यकर्ताओं के बीच हुआ विवाद अब तूल पकड़ने लगा। यहां पर तैनात पुलिस कर्मियों के आचरण और व्यवहार से भाजपा कार्यकर्ता इतने आहत हैं कि अब उन्हें वहां से हटाने की ठान ली है। पुलिस अधिकारियों को दिए अपने शिकायती पत्र में कहा कि अगर सोमवार की सुबह तक कार्रवाई नहीं होती है तो पुलिस विभाग के खिलाफ धरने पर बैठ जायेंगे।

प्रकरण ने तूल उस वक्त पकड़ा, जब भाजपा नगर दो के अध्यक्ष ने पार्टी के पुराने कार्यकर्ता के पक्ष में सिफारिश कर दी। दोनों पक्ष चौकी लाये गये। चौकी में सिपाही प्रशांत की सरपरस्ती में मामले को सुना गया। आरोप है कि दोनों पक्षों में समझौता कराने के नाम पर पुलिस ने पांच हजार रुपये ले लिए। समझौता हो जाने के दूसरे दिन पुलिस ने इसी मामले में पुनः भाजपा कार्यकर्ता को उठा लिया।

नगर अध्यक्ष श्रीप्रकाश सिंह को पता चला तो उन्होंने चौकी इंचार्ज, शहर कोतवाल, पार्टी जिलाध्यक्ष से लेकर हर पायदान तक अपनी बात पहुंचाई। पार्टी जिलाध्यक्ष अचिन मेहरोत्रा ने नगर अध्यक्ष श्रीप्रकाश सिंह की शिकायत पर तत्काल शहर कोतवाल को फोन किया और सम्बन्धित सिपाही को तत्काल हटाये जाने की बात कही। कार्यकर्ता को पुनः हिरासत में लिये जाने पर जिलाध्यक्ष ने तत्काल पुलिस अधीक्षक से वार्ता की और नगर अध्यक्ष को एसपी से मिलने भेज दिया। पुलिस अधीक्षक तक प्रकरण पहुंचा तो उन्होंने मामले की जांच क्षेत्राधिकारी नगर को सौंपी।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक को दिए गए पत्र में लिखकर कहा कि भाजपा अनुसूचित मोर्चे के पूर्व मण्डल अध्यक्ष पुत्तीलाल के पारिवारिक सदस्य से मामूली विवाद में मण्डी चौकी पुलिस ने पांच हजार रुपये लेकर समझौता कराया। बाद में पुनः पकड़ लिया और दस हजार रुपये की मांग करने लगे। भाजपा कार्यकर्ता को अधिक हवालात में बन्द रखकर उसे प्रताड़ित किया जा रहा है।

भाजपा ने पुलिस अधीक्षक को दिए गए शिकायती पत्र में 24 घंटे बीत जाने के बाद भी इस प्रकरण में चौकी इंचार्ज व सिपाही पर कार्यवाही न होने से नाराज नगर अध्यक्ष श्रीप्रकाश सिंह ने रविवार शाम कार्यालय में बैठक की। इसमें यह निर्णय किया गया कि यदि सोमवार की सुबह दस बजे तक मण्डी चौकी इंचार्ज व सिपाही प्रशांत को निलंबित नहीं किया जाता तो नगर कार्यकर्ता भाजपा जिला कार्यालय पर 11 बजे से धरना देंगे। फिलहाल इस मामले में तूल पकड़ता देख पुलिस चुप्पी साधे हुई है। वहीं इस सबन्ध में मंडी चौकी इंचार्ज पूजा यादव ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है।

महेश

RELATED ARTICLES

Most Popular