– दो दिन बाद मामला उजागर होने पर पुलिस हुई सक्रिय
– महिला के बयान के आधार पर आरोपित की तलाश शुरू
मीरजापुर (हि.स.)। मंडलीय चिकित्सालय में इलाज कराने आई एक महिला के साथ संविदा सफाईकर्मी ने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। दो दिन बाद मामला प्रकाश में आने पर पुलिस सक्रिय हुई और आरोपित की खोजबीन शुरू कर दी। आरोपित ने दो घंटे तक महिला के पति को शराब पिलाकर दोस्ती बढ़ाई, इसके बाद दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
लालगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 22 वर्षीय महिला गर्भवती थी। पेट में अचानक दर्द होने पर स्वजन उसका इलाज कराने सात अप्रैल को मंडलीय अस्पताल ले आए। वहां एक डॉक्टर को दिखाए तो उन्होंने उसे भर्ती कर कुछ देर तक इलाज किया। दोपहर बाद जब महिला बाथरूम में नहाने गई तो वहां मौजूद सफाईकर्मी बाथरूम में घुस गया और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। किसी मरीज के पहुंचने पर वहां से भाग गया। शाम को जांच कराने पर डॉक्टर ने बताया कि उसका बच्चा खराब हो गया है। उसे महिला अस्पताल ले जाओ। स्वजन उसे महिला अस्पताल ले जाने की बजाय घर लेकर चले गए। नौ अप्रैल की रात उसकी तबीयत ज्यादा खराब होने पर उसे महिला अस्पताल लेकर आये और भर्ती कराया। 10 अप्रैल को जब महिला ने घटना के बारे में अपने पति को बताया तो उसके होश उड़ गए। पति ने घटना की शिकायत पुलिस अधीक्षक से कर आरोपित के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। इस संबंध में शहर कोतवाल अरविंद मिश्रा ने बताया कि महिला के पति की तहरीर पर कार्रवाई की जा रही है।
गिरजा शंकर
