Thursday, February 19, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमंडलायुक्त ने माघ मेला की तैयारियों को लेकर दिया दिशा निर्देश

मंडलायुक्त ने माघ मेला की तैयारियों को लेकर दिया दिशा निर्देश

-प्रयागराज मेला प्राधिकरण की 14वीं बोर्ड बैठक

-टेंडर प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने के निर्देश

-माघ मेला सलाहकार समिति की बैठक भी शीघ्र कराने के निर्देश

प्रयागराज(हि.स.)। मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में प्रयागराज मेला प्राधिकरण की 14वीं बोर्ड बैठक मेला कार्यालय स्थित आई ट्रिपल सी सभागार में हुई। जिसमें पिछली बोर्ड बैठक में दिए गए निर्देशों की समीक्षा करते हुए बोर्ड ने आगामी माघ मेला 2022-23 के सम्बंध में कुछ आवश्यक प्रस्तावों पर मुहर लगाई।

मंडलायुक्त ने माघ मेला 2022-23 के दृष्टिगत गंगा नदी की धारा का आंकलन करते हुए बसावट के दृष्टिकोण से मेले का लेआउट प्लान शीघ्र तयार करने के निर्देश दिए हैं। मेले हेतु जितने अधिकारियों-कर्मचारियों को मेला प्राधिकरण से आबध्य करने की आवश्यकता है उनकी सूची शीघ्र तैयार कर जिलाधिकारी को भेजने को कहा है।

इसी क्रम में मेले में होने वाले अस्थाई कार्यों के दृष्टिगत जो भी टेंडर कराए जाने हैं उसकी प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। ताकि किसी भी कार्य में विलम्ब न हो। स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए जाने वाले सभी कार्यों के टेंडर मेला प्राधिकरण से ही कराने के निर्देश दिए गए हैं। माघ मेले में किए जाने वाले कार्यों के दृष्टिगत विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तावित बजट की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने सभी विभागों से उनके द्वारा प्रस्तावित व्यय का बिंदुवार विवरण उसके औचित्य के साथ 17 सितम्बर तक प्रस्तुत करने को कहा है।

मंडलायुक्त ने मेले के सुगम आयोजन के लिए माघ मेला सलाहकार समिति की बैठक भी शीघ्र कराने का निर्देश दिया हैं ताकि सलाहकार समिति द्वारा दिए गए सुझावों को सम्मिलित कर एक भव्य मेले का आयोजन किया जा सके। बैठक में मेला अधिकारी अरविंद कुमार चौहान, एडीएम सिटी मदन कुमार, दयानंद प्रसाद समेत सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

विद्या कान्त

RELATED ARTICLES

Most Popular