Wednesday, March 25, 2026
Homeउत्तर प्रदेशभोजपुरी फिल्म अभिनेत्री आकांक्षा मामले में गायक समर सिंह और उसके भाई...

भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री आकांक्षा मामले में गायक समर सिंह और उसके भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज

– अभिनेत्री की मां ने बेटी की हत्या का आरोप लगाकर सारनाथ थाने में दी थी तहरीर

वाराणसी(हि.स.)। भोजपुरी फिल्मों की अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत मामले में सोमवार को चर्चित भोजपुरी गायक समर सिंह और उसके भाई संजय सिंह के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ है। आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे ने सारनाथ थाने में तहरीर देकर गायक के खिलाफ गंभीर आरोप लगाया है।

बेटी की मौत की जानकारी पर पिता छोटेलाल दुबे, चाचा मुन्ना दुबे के अलावा अन्य रिश्तेदार भी सारनाथ थाने पर पहुंच गये हैं। अभिनेत्री की मां मधु दुबे ने बताया कि मेरी बेटी बहुत साहसी थी। वह आत्महत्या नहीं कर सकती। उसकी हत्या की गई है। मधु दुबे का आरोप है कि आजमगढ़ निवासी भोजपुरी गायक समर आकांक्षा को बहुत प्रताड़ित करता था। फिल्म में काम करने पर पैसा नहीं देता था। किसी दूसरे की फिल्म या गाने में काम करने पर उसे मारता-पीटता था। कई बार जब आकांक्षा ने उससे अपने पैसे मांगे तो उसके साथ मारपीट भी की थी।

उन्होंने बताया कि बीते शनिवार शाम सात बजे मोबाइल से उनकी आकांक्षा से बात हुई थी। तब वह काफी खुश थी। उसने कोई परेशानी नहीं बताई। फिर 12 बजे रात में फोन किया था, तो उसने फोन नहीं उठाया था। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई। चर्चा है कि आकांक्षा भोजपुरी गायक समर सिंह के करीब थीं। गायक के साथ वाराणसी के टकटकपुर क्षेत्र में लिव इन रिलेशन में रहती थीं। गायक के दुर्व्यवहार से ही दुखी रहने लगी थीं।

अभिनेत्री भोजपुरी फिल्म ’लायक हूं मैं नालायक नहीं’ की शूटिंग के लिए बीते 23 मार्च को वाराणसी आई थीं। फिल्म के हीरो निर्देशक सहित 16 लोगों की टीम के साथ वह सारनाथ क्षेत्र के बुद्धा सिटी कॉलोनी स्थित एक होटल में रूकी हुई थीं। रविवार सुबह होटल के कमरे में आकांक्षा दुबे मृत मिली थी।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular