–लखनऊ स्थित श्रीखाटू श्याम मंदिर में नाटक ‘ये तो प्रेम की बात है ऊधौ’ का हुआ मंचन
लखनऊ (हि.स.)। लक्ष्मणपुरी के दर्शकों ने भोजपुरी सुपरस्टार आदित्य मोहन के नाटक को देख तालियां बजाकर उनकी सराहना की। फिल्म अभिनेता आदित्य मोहन ने यहां श्रीखाटू श्याम मंदिर में मंचित नाटक ‘ये तो प्रेम की बात है ऊधौ’ में अभिनय किया। सुपरस्टार ने इसमें कृष्ण की भूमिका निभाई, जिसकी दर्शकों ने प्रशंसा की। यह नाटक भगवान श्री कृष्ण के सखा उद्धव के चरित्र पर आधारित है। नाटक का निर्देशन राजस्थानी नाटकों के सम्राट कहे जाने वाले राजेश प्रभाकर मंडलोई ने किया।
नाटक के लीड रोल में दिखने वाले फिल्म अभिनेता आदित्य मोहन भोजपुरी के सुपरस्टार हैं। उन्होंने भोजपुरी सिनेमा में लगभग 20 से 25 फिल्मों में लीड रोल किया है। भोजपुरी फिल्मों में चॉकलेटी हीरो के नाम से मशहूर आदित्य मोहन पहली बार मिस्टर बिहार का खिताब पाने के बाद बाद कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने भोजपुरी सिनेमा में अपनी एक अलग पहचान बनाई है।
अभिनेता आदित्य मोहन ने बातचीत में बताया कि लखनऊ से उनका काफी जुड़ाव रहा है। उन्होंने इस शहर में लगभग 10 से अधिक फिल्मों की शूटिंग की है, जिसमें कई फिल्में सुपर डुपर हिट रही है। यूं कहे कि अब तो लखनऊ मेरा दूसरा घर बन चुका है। हर महीनें यहां कुछ ना कुछ सूट लगा ही रहता है। चाहे वह नाटक हो, एल्बम हो या फीचर फिल्म की शूटिंग हो। बताया कि यह शहर बहुत अच्छा लगता है। यहां के लोगों के तौर-तरीके बहुत अच्छे है। उनके बोलने का ढंग भी बहुत पसंद आता है।
नाटक देखे अरविंद मौर्या ने बताया कि हम तो भोजपुरी सिनेमा में ही उनके अभिनय को देखते आ रहे हैं। हम उनके फैन हैं। लेकिन नाटक में कृष्ण के रूप में उनके अभिनय को देखकर भाव विभोर हो गए।
