Monday, February 16, 2026
Homeउत्तर प्रदेशभैंस के आगे बजाई बीन, सपा कार्यकर्ता बोले, 'प्रदेश सरकार को करो...

भैंस के आगे बजाई बीन, सपा कार्यकर्ता बोले, ‘प्रदेश सरकार को करो बर्खास्त’

मेरठ। प्रदेश में बढ़ते अपराध को लेकर भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए सपा कार्यकर्ताओं ने रविवार को भैंस के आगे बीन बजाकर अपना विरोध दर्ज कराया। सपा कार्यकर्ताओं ने पिछले कुछ दिनों में प्रदेश में हुई कई अपराधिक घटनाओं का हवाला देते हुए राज्यपाल से प्रदेश की भाजपा सरकार को बर्खास्त किए जाने की मांग की। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता सरदार परविंदर सिंह ईशु के साथ सपा के कार्यकर्ताओं ने बच्चा पार्क पर प्रदर्शन किया। सपा नेता परविंदर ईशु ने आरोप लगाया कि मेरठ में लूट के दौरान हुई ज्वेलर अमन जैन की हत्या और अलीगढ़ में भरे बाजार सर्राफ की दुकान में 40 लाख की डकैती प्रदेश में जंगलराज को साबित करने के लिए काफी हैं। उन्होंने पिछले दिनों जिले में एनसीईआरटी की नकली किताबों की बरामदगी को लेकर भी भाजपा नेताओं पर आरोप लगाते हुए सवाल उठाया कि आखिर पुलिस आरोपित भाजपा नेता को गिरफ्तार क्यों नहीं कर रही है? सपा नेताओं ने भैंस के आगे बीन बजाते हुए कहा कि जिस तरह प्रदेश में भाजपा की सरकार गूंगी-बहरी हो गई है। उसे देख कर यही कहा जा सकता है कि सरकार के सामने कुछ भी कहना भैंस के आगे बीन बजाने के समान है। सपा कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल के नाम सौंपे ज्ञापन में प्रदेश सरकार को हर मोर्चे पर नाकाम बताते हुए बर्खास्त किए जाने की मांग की। 

RELATED ARTICLES

Most Popular