अनेक वरिष्ठ नेताओं ने किया दिवंगत नेता का अंतिम दर्शन
जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। भाजपा जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व सांसद सत्यदेव सिंह का आज शाम राजधानी लखनऊ के भैंसा कुण्ड में अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस मौके पर पार्टी के अनेक बड़े नेता उपस्थित रहे। इससे पूर्व उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए उनके गोमती नगर स्थित आवास पर रखा गया था।
भाजपा जिलाध्यक्ष सूर्य नारायण तिवारी ने बताया कि पूर्व सांसद के शव को पार्टी के झण्डे से ढ़ककर ले जाया गया। भैंसाकुण्ड में अंत्येष्टि के समय पार्टी के अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। उनके शुभ चिंतकों ने शोक संतृप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ढ़ाढ़स बंधाया तथा इस बेहद दुःखद घटना को सहन करने की शक्ति व आत्म बल प्रदान करने के लिए ईश्वर से कामना की। तिवारी ने बताया कि उनके अंतिम दर्शन के लिए पहुंचने वालों में कैबिनेट मंत्री डॉ महेंद्र सिंह, सांसद बृजभूषण शरण सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद रमापति राम त्रिपाठी, कानून मंत्री बृजेश पाठक, प्रदेश उपाध्यक्ष बृज बहादुर व संतोष सिंह, प्रदेश मंत्री संजय राय, क्षेत्रीय अध्यक्ष शेष नारायण मिश्रा, कटरा विधायक बावन सिंह, मेहनौन विधायक विनय द्विवेदी, बलरामपुर विधायक पल्टूराम, पयागपुर विधायक सुभाष त्रिपाठी समेत गोण्डा व बलरामपुर जिलों के अनेक वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें : जानें, कैसे मिलेगी मातृ वंदना योजना का लाभ


