Sunday, February 15, 2026
Homeउत्तर प्रदेशभेलूपुर पुलिस ने लूट का 12 घंटे के अंदर किया पर्दाफाश,चार लुटेरे...

भेलूपुर पुलिस ने लूट का 12 घंटे के अंदर किया पर्दाफाश,चार लुटेरे गिरफ्तार

-पीड़ित सीए का नौकर निकला लूटकांड का सूत्रधार,दो लाख रुपये बरामद

वाराणसी (हि.स.)। भेलूपुर पुलिस और क्राइम ब्रांच टीम ने महमूरगंज बिरदोपुर में सीए के कर्मचारी के साथ लूट की घटना का 12 घंटे के अंदर पर्दाफाश कर दिया। पुलिस टीम ने लूटी गई धनराशि दो लाख रुपये बरामद चार लुटेरों को भी दबोच लिया। पुलिस टीम की सफलता पर पुलिस कमिश्नर ए सतीश गणेश ने खुशी जताई और टीम को पुरस्कृत करने की बात कहींं। उन्होंने बताया कि लूट का सूत्रधार पीड़ित स्टाफ ही है। उसने अपने तीन साथियों के साथ मिल कर लूट की साजिश रची थी। सभी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस उपायुक्त काशी जोन ने गिरफ्तार लुटेरों बड़ालालपुर निवासी विकास सिंह उर्फ आकाश पुत्र हरिशचन्द्र सिंह, निराला नगर थाना सिगरा निवासी रोहित श्रीवास्तव,योग नगर कालोनी गांधी चबूतरा शिवपुरवा निवासी दीपक रावत उर्फ मंगल पुत्र विनोद राव,सीए का कर्मचारी बिरदोपुर महमूरगंज निवासी राजनारायण भारती पुत्र राजा राम भारती को मीडिया के सामने पेश किया। उन्होंने बताया कि घटना के बाद कर्मचारी राजनारायण से पूछताछ के बाद भेलूपुर पुलिस व क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने तीनों आरोपितों को दो देशी तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लूटे गए रुपये भी बरामद कर लिया। पूछताछ में चारों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि लुटेरों के पास से घटना में प्रयुक्त सिगरा थाने से करीब एक वर्ष पूर्व चोरी गयी मोटरसाइकिल भी बरामद की गयी। उन्होंने बताया कि मेसर्स पूजा इंटर प्राइजेज के मालिक और सीए अनिल कपूर ने 02 लाख रुपये नगद पंजाब नेशनल बैंक सिगरा शाखा में जमा करने के लिए अपने कर्मचारी राजनरायण भारती को दिया था। कार्यालय से कुछ कदम दूर जाने के बाद राजनारायण ने अनिल कपूर और पुलिस को बताया कि मोटर साइकिल सवार तीन बदमाशों ने उसके पास रखा 2 लाख रुपये लूट लिया। पीड़ित कर्मचारी से पूछताछ के दौरान ही पुलिस टीम को उस पर शंका हो गई। भेलूपुर पुलिस टीम ने मुकदमा पंजीकृत कर विवेचनात्मक कार्यवाही करते हुए क्राइम ब्रांच वाराणसी के साथ मिलकर तीनों को पापुलर हाॅस्पिटल ककरमत्ता के पास से गिरफ्तार कर लिया।

लूटी गई रकम को चारों ने आपस में बांट भी लिया था

लूट की घटना के बाद लुटेरे विकास सिंह को 90,000 रुपये,60 हजार रुपये रोहित श्रीवास्तव , दीपक रावत उर्फ मंगल को 24,000रुपये, कर्मचारी राजनरायण को 26,000 रुपये मिले थे। पुलिस टीम ने चारों से उनके हिस्से के रुपयों के साथ तमंचा और कारतूस भी बरामद कर लिया।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular