– जनता दर्शन में सीएम योगी ने दी अधिकारियों को दो टूक हिदायत
– 250 फरियादियों से मिले सीएम, कहा-उनके रहते चिंता करने की जरूरत नहीं
गोरखपुर (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन के दौरान अधिकारियों को दो टूक शब्दों में हिदायत देते हुए कहा कि जमीनी विवादों का संतुष्टिपरक त्वरित समाधान करें। किसी भी गरीब या सरकारी जमीन पर कब्जा नहीं दिखना चाहिए। यदि कोई गरीब सरकारी जमीन पर रह रहा है तो उसे शासन की कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करें। उसके व्यवस्थित पुनर्वास की व्यवस्था जरूरी है।
गोरखनाथ मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति सभागार के सामने जनता दर्शन में कुर्सियों पर बैठाए गए फरियादियों तक पहुंचे मुख्यमंत्री काफी गंभीर दिखे। इस दौरान कई महिलाएं जमीन से जुड़े विवादों में फरियाद लेकर पहुंची थीं। इनमें दबंग द्वारा उनकी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास को शिकायतें भी थीं।
सीएम ने कहा कि जमीन कब्जाने में पेशेवर वालों को भू-माफिया के रूप में चिह्नित करें। गरीब की जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। आपकी कार्रवाई नजीर बननी चाहिए। पीड़ित व्यक्ति संतुष्ट होना चाहिए। उन्होंने गरीबों को परेशान न करने की हिदायत देते हुए कहा कि यदि कोई गरीब सरकारी जमीन पर रह रहा है तो उसके समुचित पुनर्वास के बाद कब्जा खाली कराया जाए। लोगों को सरकारी जमीन पर कब्जा न करने को जागरूक भी करें। मुख्यमंत्री ने करीब 250 लोगों की समस्याएं सुनीं और सभी को आश्वस्त किया कि उनके रहते किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं है।
मुख्यमंत्री ने पुलिस से जुड़ी शिकायतों को पुलिस अधिकारियों और राजस्व आदि से जुड़े मामलों को प्रशासनिक अधिकारियों को निस्तारण के लिए सौंपा। गंभीर बीमारियों में आर्थिक मदद की गुहार लेकर पहुंचे लोगों से कहा कि पैसे की तंगी से किसी का भी इलाज नहीं रुकेगा। इस्टीमेट मिलते ही इलाज के लिए धन अवमुक्त हो जाएगा।
आमोद
